शनिवार, 20 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. प्रादेशिक
Written By भाषा
Last Modified: कोलकाता , शनिवार, 16 जनवरी 2010 (22:55 IST)

ममता की अनुपस्थिति से कांग्रेस नाराज

ममता की अनुपस्थिति से कांग्रेस नाराज -
कांग्रेस ने साइंस सिटी में प्रधानमंत्री मनमोहनसिंह के कार्यक्रम में रेलमंत्री ममता बनर्जी की अनुपस्थिति पर नाराजगी जताई और संप्रग सरकार की नीतियों के खिलाफ उनके सार्वजनिक बयान को शर्मसार करने वाला बताया।

प्रदेश कांग्रेस के 37 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने राजभवन में सिंह से भेंट की और कहा कि यह कांग्रेस पार्टी के लिए शर्मनाक है कि संप्रग सरकार की एक प्रमुख घटक, खासकर जब उसके सात मंत्री केंद्रीय मंत्रिपरिषद में हैं, सार्वजनिक रूप से केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना करती है तथा रेलमंत्री प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से दूर रहती हैं।

कांग्रेस विधायक दल के नेता मानस भूइंया ने कहा कि सिंह से प्रतिनिधिमंडल की भेंट करीब 45 मिनट चली। भेंट के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने कार्यक्रम में रेल मंत्री की अनुपस्थिति और उनके प्रधानमंत्री से नहीं मिलने को अफसोसजनक बताया।

भूइंया ने कहा कि प्रधानमंत्री ने ध्यान से प्रतिनिधिमंडल की बात सुनी लेकिन उन्होंने कोई टिप्पणी नहीं की। इसके पहले खबर थी कि ममता ने प्रधानमंत्री के ऐसे किसी कार्यक्रम से दूर रहने का फैसला किया है, जिसमें मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य भाग लेंगे। ममता या उनकी पार्टी का कोई नेता टिप्पणी के लिए उपलब्ध नहीं थे।

उधर वाम शासित पश्चिम बंगाल में कानून एवं व्यवस्था की समस्या और महँगाई जैसे मुद्दों के विरोध में तृणमूल प्रमुख ने आज नगर में अपने पार्टी कार्यकर्ताओं के एक प्रदर्शन का नेतृत्व किया। (भाषा)