शुक्रवार, 29 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. प्रादेशिक
Written By वार्ता
Last Modified: पटना , गुरुवार, 16 सितम्बर 2010 (07:55 IST)

बिहार भाजपा में गुटबाजी हावी-शत्रुघ्न सिन्हा

बिहार भाजपा में गुटबाजी हावी-शत्रुघ्न सिन्हा -
FILE
वरिष्ठ भाजपा नेता और पटना साहिब के सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि पार्टी के अंदर गुटबाजी हावी है और इस वजह से पार्टी में उनके करीबी नेताओं को दरकिनार करने की कोशिश की जा रही है।

सिन्हा ने वाकीपुर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं के सम्मेलन में कहा कि पार्टी में कुछ लोग ऐसे है जिन्हें उनके जैसे बेदाग आदमी पंसद नहीं है। उनके यहाँ आने से उन लोगों में बौखलाहट होती है।

भाजपा नेता ने कहा कि कुछ लोग वर्तमान विधायकों को पार्टी का टिकट नहीं मिले इसके प्रयास में लगे है। इससे पार्टी की छवि धूमिल हो रही है। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि उनमें इतनी ताकत है कि वह क्रांति के रास्ते प्रलय भी ला सकते है।

सिन्हा ने कहा कि वह भाजपा में किसी पद की लालच से नहीं आये है। वह इस पार्टी में तब शामिल हुए थे जब लोकसभा में उसके सांसदों की संख्या मात्र दो थी। उन्होंने युवाओं को सलाह दी कि वे भी विपक्ष के जरिये राजनीति में आए क्योंकि इससे उन्हें बहुत कुछ सीखने का मौका मिलेगा।

भाजपा नेता ने कहा कि बिहार में इस बार यदि स्पष्ट जनादेश नहीं मिला और त्रिशंकु विधानसभा बनी तो यहाँ चल रहा विकास कार्य या तो रूक-रूक कर चलेगा या पूरी तरह रूक जाएगा।

उन्होंने लोगों को बढ़-चढ़ कर मतदान में हिस्सा लेने की अपील करते हुए कार्यकर्ताओं को सलाह दी कि वे इसके लिए मतदाताओं को जागृत करे। (वार्ता)