गुरुवार, 25 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. प्रादेशिक
Written By वार्ता

बस नदी में गिरी, 20 की मौत

बस नदी में गिरी, 20 की मौत -
उत्तराखंड के सीमांत जिले चमोली में बद्रीनाथ से लौट रही एक बस के गुरुवार को अलकनंदा नदी में गिर जाने से 20 नेपाली तीर्थयात्रियों की मृत्यु हो गई और छह घायल हो गए। बारह यात्री लापता बताए जाते हैं।

आपदा प्रबंधन विभाग और गोपेश्वर पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार चमोली-बद्रीनाथ मोटर मार्ग पर नेपाली तीर्थयात्रियों की एक बस अपराह्न लगभग चार बजे बिरही के पास अलकनंदा नदी में जा गिरी जिससे 20 लोगों की मृत्यु हो गई है तथा 06 लोग घायल हो गए। घायलों को गोपेश्वर प्राथमिक अस्पताल में भर्ती करा दिया गया हैं, जबकि 12 लोग लापता हैं जिनकी तलाश जारी है। बस में लगभग 38 लोग सवार थे।

गोपेश्वर पुलिस मुख्यालय सूत्रों ने बताया कि बस में सवार यात्री नेपाल के रहने वाले हैं। वे बद्रीनाथ के दर्शन करके नेपाल लौट रहे थे। पुलिस अधीक्षक जी.एन. गोस्वामी सहित जिले के प्रशासनिक अधिकारी और राहत एवं बचाव दल घटनास्थल पर मौजूद हैं लापता यात्रियों की तलाश की जा रही है।