बुधवार, 24 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. प्रादेशिक
Written By वार्ता

नक्सलियों की आंध्रप्रदेश पुलिस को चुनौती

नक्सलियों की आंध्रप्रदेश पुलिस को चुनौती -
FILE
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ और आंध्रप्रदेश के सीमावर्ती इलाके में पिछली 16 अप्रैल को हुई पुलिस-नक्सली मुठभेड़ के बाद आंध्रप्रदेश के ग्रे हाउंड दस्ते के लापता 4 जवानों में 3 वापस सकुशल लौट आए हैं और एक जांबाज जवान शिवप्रसाद अंतिम सांस तक लड़ते हुए शहीद हो गया।

आंध्रप्रदेश की सीमा से लगे ग्राम कंवरगट्टा में शहीद शिवप्रसाद का शव पिछले 4 दिनों से पड़ा हुआ है और इसे ले जाने के लिए नक्सलियों ने आंध्रप्रदेश पुलिस को फोन पर चुनौती दे रखी है कि हिम्मत है तो शव उठाकर ले जाए।

पुलिस को चुनौती देने के पीछे नक्सलियों की यह चाल है कि पुलिस शव लेने पहुंचे और उनकी चाल में फंस जाए। अधिकांश समय नक्सली यह रणनाति अपनाते हैं।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि मुठभेड़ स्थल के आसपास तथा समूचे गांव में नक्सलियों ने भारी मात्रा में लेड माइंस, क्लेमोर माइंस और प्रेशर बम लगा रखे हैं। इसके अलावा गांव के आसपास सभी रास्तों पर हजारों की संख्या में मौजूद हथियारबंद नक्सलियों ने मोर्चा संभाल रखा है ताकि पुलिस के पहुंचते ही वे हमला कर सकें।

उल्लेखनीय है कि पिछली 16 अप्रैल को छत्तीसगढ़ और आंध्रप्रदेश की सीमा पर स्थित पामेंड थाना क्षेत्र में नक्सलियों से हुई मुठभेड़ में पुलिस ने 3 कमांडर स्तर के लीडर सहित 9 वर्दीधारी नक्सलियों को ढेर कर दिया था और बड़ी मात्रा में हथियार एवं गोला-बारूद बरामद किया गया था।

मुठभेड़ के बाद अगले दिन कंवरगट्टा गांव में मौजूद आंध्रप्रदेश ग्रे हाउंड के जवानों को बारी-बारी से हेलीकॉप्टर से खम्मम पहुंचाया जा रहा था।

अंतिम बार जब 4 जवान शेष रह गए थे तब शाम के समय जैसे ही हेलीकॉप्टर लैंड होने लगा तो जंगल में छिपे नक्सलियों ने गोलीबारी शुरू कर दी थी जिससे हेलीकॉप्टर लैंड हुए बगैर बैरंग वापस लौट गया था।

उस समय वहां मौजूद 4 जवानों ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए नक्सलियों का डटकर मुकाबला किया। इस दौरान 3 जवान जो एक तरफ थे, कवरिंग फायर करते हुए सुरक्षित निकल गए लेकिन जवान शिवप्रसाद नक्सली जद में फंस गया और नक्सलियों की गोली का शिकार होकर शहीद हो गया। (वार्ता)