Last Modified: श्रीनगर ,
शुक्रवार, 27 जनवरी 2012 (14:16 IST)
कश्मीर में शीत लहर का प्रकोप जारी
कश्मीर घाटी के अधिकांश इलाकों में न्यूनतम तापमान के जमाव बिन्दु से नीचे रहने के कारण इस क्षेत्र में शीत लहर का प्रकोप बना हुआ है। अधिकारी ने बताया कि मशहूर स्कीइंग रिसोर्ट गुलमर्ग अभी भी घाटी में सबसे ठंडा स्थान बना हुआ है। यहां रात का न्यूनतम तापमान शून्य से 11.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया है।
गुलमर्ग रिसोर्ट में 1.4 मिलीमीटर ताजा हिमपात हुआ है। श्रीनगर शहर में न्यूनतम तापमान शून्य से 2.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि दक्षिण कश्मीर के पर्यटन रिसोर्ट पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 9.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि इस रिसोर्ट पर भी 1.0 मिलीमीटर ताजा हिमपात हुआ है।
कश्मीर घाटी का प्रवेश द्वार काजीकुंड शहर में रात का न्यूनतम तापमान शून्य से 5.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। कल रात यहां का न्यूनतम तापमान शून्य से 7.0 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया था।
अधिकारी ने बताया कि उत्तरी कश्मीर का सीमावर्ती कुपवाड़ा शहर का न्यूनतम तापमान शून्य से 3.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया है।
मौसम अधिकारियों ने बताया कि दूर दराज वाले लद्दाख इलाके के लेह शहर में न्यूनतत तापमान शून्य से 21.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। इस मौसम में लेह शहर का रिकॉर्ड न्यूनतम तापमान शून्य से 22.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया है। (भाषा)