शुक्रवार, 29 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. प्रादेशिक
Written By वार्ता
Last Modified: नई दिल्ली , शुक्रवार, 3 दिसंबर 2010 (17:02 IST)

अल्फ्रेड नोबेल के जीवन पर प्रदर्शनी

अल्फ्रेड नोबेल के जीवन पर प्रदर्शनी -
तेजी से उभरती भारतीय अर्थव्यवस्था में शोध और नवप्रवर्तन की अपार संभावनाओं को देखते हुए नोबेल पुरस्कारों के संस्थापक वैज्ञानिक और उद्यमी अल्फ्रेड नोबेल की जीवन यात्रा और उनकी उपलब्धियों को दर्शाने वाली एक अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी नई दिल्ली के राष्ट्रीय विज्ञान केंद्र में लगाई गई है।

स्वीडन के स्टाकहोम में नोबेल संग्रहालय के निदेशक ओलोव एमेलिन ने 'अल्फ्रेड नोबेल नवप्रवर्तन के नेटवर्क' के उद्‍घाटन के अवसर पर आज यहाँ कहा कि भारत युवाओं का देश है और देश की अर्थव्यवस्था तेजी से बढ़ रही है। इसलिए यह शोध और नवप्रवर्तन की अपार संभावनाएँ हैं। प्रदर्शनी का उद्‍घाटन भारत में स्वीडन के राजदूतावास के फर्स्ट काउंसलर मथीयास लेंस ने किया।

एमेलिन ने कहा कि भारतीय युवाओं और किशोरों की वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देने के लिए अल्फ्रेड नोबेल के जीवन और उनकी उपलब्धियों पर आधारित एक अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी राष्ट्रीय विज्ञान केंद्र नई दिल्ली में लगाई गई है। यह प्रदर्शनी अगले वर्ष 28 फरवरी तक जारी रहेगी। उन्होंने संभावना व्यक्त की कि भारतीय युवा अल्फ्रेड नोबेल के जीवन से प्रेरणा लेंगे।

उन्होंने बताया कि यह अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी वर्ष 2008 में दुबई में सबसे पहले लगाई गई थी। इसके बाद यह इसी वर्ष पेरिस में प्रदर्शित की गई। नई दिल्ली के बाद प्रदर्शनी मलेशिया और इसके बाद जापान में लगाई जाएगी। यह प्रदर्शनी सेंट पीटर्सबर्ग और स्टकाहोम में भी लगाई जा चुकी है।

यह प्रदर्शनी दक्षिण कोरिया की इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी सैमसंग के सहयोग से लगाई जा रही है और इसका प्रदर्शन कंपनी के उत्पादों के माध्यम से किया जाता है।

प्रदर्शनी के दर्शक अल्फ्रेड नोबेल का जीवन, उनके सहयोगी, व्यवसायिक संबंध और उद्यमी कौशल को देख सकते हैं। प्रदर्शनी में एक फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया है जोकि अल्फ्रेड नोबेल के निजी जीवन के अलावा उन परिस्थितियों को भी दर्शाती है जिनमें उन्होंने अपनी समस्त पूँजी नोबेल पुरस्कारों के लिए दान कर दी थी।

राष्ट्रीय विज्ञान संग्रहालय परिषद के महानिदेशक जी एस रौतेला ने बताया कि प्रदर्शनी की अवधि के दौरान देश क प्रतिष्ठित वैज्ञानिकों की एक व्याख्यानमाला का आयोजन भी किया जाएगा। इस संबंध में प्रक्रिया चल रही है। (वार्ता)