Last Modified: लखनऊ ,
सोमवार, 30 नवंबर 2009 (16:09 IST)
फिरोजाबाद में धनबल से हारे-अखिलेश
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अमरसिंह द्वारा फिरोजाबाद सीट पर पार्टी की पराजय को यादव परिवार के अति आत्मविश्वास का नतीजा बताए जाने के एक दिन बाद पार्टी की उत्तरप्रदेश इकाई के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दोहराया कि फिरोजाबाद में पार्टी को मिली पराजय प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवार के धनबल और भाजपा द्वारा उसके पक्ष में वोट ट्रांसफर करा दिए जाने का परिणाम थी।
फिरोजाबाद लोकसभा सीट पर पार्टी उम्मीदवार डिम्पल यादव की पराजय को पार्टी महासचिव अमरसिंह द्वारा यादव परिवार के अति आत्मविश्वास का परिणाम बताए जाने संबंधी टिप्पणी पर कोई प्रतिक्रिया करने से बचते हुए यादव ने आज यहाँ कहा कि हमने तो चुनाव परिणामों की घोषणा के बाद ही पार्टी को मिली पराजय के कारण बता दिए थे।
उन्होंने दोहराया कि फिरोजाबाद में पार्टी कांग्रेसी उम्मीदवार के धन बल और भाजपा द्वारा कराई गई रणनीतिक वोटिंग के कारण हारी। उल्लेखनीय है कि फिरोजाबाद सीट अखिलेश यादव के इस्तीफे से खाली हुई थी और उपचुनाव में वहाँ पार्टी ने उनकी पत्नी डिम्पल यादव को उम्मीदवार बनाया था। (भाषा)