गुरुवार, 25 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. चुनाव 2013
  4. »
  5. राजस्थान
Written By WD
Last Modified: शनिवार, 30 नवंबर 2013 (19:24 IST)

बीकानेर में मतदान की सभी तैयारियां पूर्ण

बीकानेर में मतदान की सभी तैयारियां पूर्ण -
FILE
बीकानेर। जिले में सात विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान करवाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मतदाता स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में अपने मताधिकार का उपयोग कर सकें एवं चुनाव के दौरान शान्ति व कानून व्यवस्था बनी रहे, इसके लिए जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं।

जिले में रविवार को कुल 13 लाख 17 हजार 767 मतदाता 1436 मतदान केन्द्रों पर अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। इसमें 7 लाख 991 पुरुष व 6 लाख 16 हजार 776 महिला मतदाता शामिल हैं। मतदान करवाने के लिए इन मतदान केन्द्रों पर 6 हजार 66 कार्मिकों को नियुक्त किया गया है।

जिला निर्वाचन अधिकारी आरती डोगरा ने बताया कि रविवार को मतदान सुबह 8:00 बजे प्रारंभ होगा और समाप्त शाम 5:00 बजे होगा। उन्होंने बताया कि भयमुक्त वातावरण में मतदान करवाने के लिए सभी आवश्यक उपाय किए हैं। मतदान के दौरान शान्ति व कानून व्यवस्था बनी रहे इसके लिए पर्याप्त संख्‍या में राजस्थान पुलिस के साथ केन्द्रीय अर्धसैनिक बलों के जवान तैनात किए गए हैं, जो स्थिति पर पैनी नजर रखेंगे।

उन्होंने बताया कि जिले में सेक्टर मजिस्ट्रेटों के साथ 12 वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों को एरिया मजिस्ट्रेट नियुक्‍त किया गया है, जो अपने-अपने क्षेत्र में निरन्तर भ्रमण करते हुए स्वतन्त्र, निष्पक्ष एवं भयममुक्‍त मतदान की सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेंगे।

डोगरा ने बताया कि खाजूवाला के 194 मतदान केन्द्रों पर 1 लाख 70 हजार 911 मतदाता वोट डालेंगे। इनमें 91 हजार 841 पुरुष व 79 हजार 70 महिला मतदाता शामिल हैं। उन्होंने बताया कि बीकानेर पश्चिम के 180 मतदान केन्द्रों पर 1 लाख 74 हजार 914 मतदाता वोट डालेंगे। इनमें 93 हजार 387 पुरुष व 81 हजार 527 महिला मतदाता शामिल हैं।

डोगरा ने बताया कि बीकानेर पूर्व विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के 197 मतदान केन्द्रों पर 1 लाख 91 हजार 552 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 1 लाख 1 हजार 445 पुरुष तथा 90 हजार 107 महिला मतदाता शामिल हैं। उन्होंने बताया कि कोलायत के 237 मतदान केन्द्रों पर 1 लाख 88 हजार 830 मतदाता वोट डालेंगे। इसमें 1 लाख 1 हजार 574 पुरुष व 87 हजार 256 महिला मतदाता शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि लूणकरनसर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के 203 बूथों पर 1 लाख 92 हजार 74 मतदाता वोट डालेंगे। इनमें 1 लाख 1 हजार 747 पुरुष एवं 90 हजार 327 महिला मतदाता शमिल हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि श्रीडूंगरगढ़ विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के 209 मतदान केन्द्रों पर 1 लाख 96 हजार 529 मतदाता मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 1 लाख 3 हजार 474 पुरुष और 93 हजार 55 महिला मतदाता शामिल हैं। इसी प्रकार से नोखा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के 216 मतदान केन्द्रों पर 2 लाख 2 हजार 957 मतदाता वोट डालेंगे। इनमें 1 लाख 7 हजार 523 पुरुष और 95 हजार 434 महिला मतदाता शामिल हैं।