शनिवार, 20 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. राष्ट्रीय
Written By भाषा

हिमपात से जम्मू-कश्मीर राजमार्ग बंद

हिमाचल प्रदेश में हिमस्खलन की चेतावनी

हिमपात से जम्मू-कश्मीर राजमार्ग बंद -
FILE
नई दिल्ली। तापमान में अपेक्षाकृत वृद्धि होने के बावजूद उत्तर भारत में ठंड से राहत मिलती नहीं दिखी और ताजा बर्फबारी से श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग बंद हो गया। दूसरी तरफ अधिकारियों ने हिमाचल प्रदेश में हिमस्खलन की चेतावनी जारी की है।

दिल्ली में आज न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि कल का न्यूनतम तापमान 6.1 डिग्री सेल्सियस था। राष्ट्रीय राजधानी में अधिकतम तापमान 20.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो इस समय का सामान्य तापमान है।

कश्मीर घाटी को जाने वाले मार्ग जवाहर सुरंग के पास करीब तीन इंच बर्फ जमा हो गई और हिमपात के कारण श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात रोक दिया गया, जो कश्मीर को देश से जोड़ने वाला एकमात्र सड़क मार्ग है।

यातायात विभाग के प्रवक्ता ने कहा काजीगुंडा और बनिहाल के बीच भारी बर्फबारी के बाद दोपहर दो बजे के करीब राजमार्ग पर यातायात बंद कर दिया गया। उन्होंने कहा कि इस कारण जम्मू जाने वाले कई यात्री और भारी वाहन फंसे हुए हैं।

मौसम विज्ञानियों ने पश्चिमी विक्षोभ के कारण आठ जनवरी से दस जनवरी के बीच जम्मू..कश्मीर में मध्यम से भारी बर्फबारी का अनुमान जताया है। कश्मीर घाटी में बहरहाल आज तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई।

श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 1.7 डिग्री सेल्सियस कम मापा गया जबकि विगत रात यह शून्य से 3.3 डिग्री सेल्सियस कम था जबकि पहलगाम में तापमान कल रात शून्य से 14.7 डिग्री कम से आठ डिग्री सेल्सियस बढ़कर शून्य से 6.2 डिग्री कम पर आ गया।

जम्मू-कश्मीर के करगिल शहर में तापमान में छह डिग्री से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई और कल दर्ज तापमान शून्य से 19 डिग्री से कम से बढ़कर यह शून्य से 12.4 डिग्री कम मापा गया। हिमाचल प्रदेश के उपरी इलाकों में हिमस्खलन का खतरा बढ़ गया है क्योंकि राज्य की राजधानी में तापमान में मामूली बढ़त के बावजूद शीतलहर का प्रकोप जारी है।

लाहौल-स्पीति, किन्नौर, पांगी और भारमौर, रोहतांग दर्रा और चुरधार एवं धौलाधार रेंज में आज सुबह से ही रूक..रूक कर बर्फबारी हो रही है। मनाली के एसडीएम विनय धीमान ने उपरी इलाके में रहने वाले लोगों को हिमस्खलन का खतरा देखते हुए दिन के वक्त घर से बाहर नहीं निकलने चेतावनी दी है।

मनाली और डलहौजी में हल्की बर्फबारी हुई जबकि रोहतांग दर्रा में 60 सेंटीमीटर हिमपात हुआ। पंजाब और हरियाणा में भी न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हुई जबकि केंद्र शासित क्षेत्र चंडीगढ़ में बादल छाए रहे।

पंजाब का जालंधर स्थित आदमपुर दोनों राज्यों का सबसे ठंडा स्थान रहा। कल वहां का तापमान जहां शून्य से 0.5 डिग्री सेल्सियस कम था वहीं आज इसमें सात डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई जो सामान्य से चार डिग्री ज्यादा है।

अमृतसर में तापमान कल रात 0.8 डिग्री सेल्सियस की तुलना में आज 3.5 डिग्री सेल्सियस मापा गया। हरियाणा में हिसार और नारनौल सबसे सर्द स्थान रहे जहां के तापमान क्रमश: 1.1 डिग्री और 1.2 डिग्री सेल्सियस मापे गए।

राजस्थान में बर्फीली हवाएं चलती रहीं और राज्य के चुरू में सबसे कम तापमान 1.7 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से पांच डिग्री कम है। उत्तर पश्चिमी रेलवे की करीब पांच रेलगाड़ियां विलंब से चल रही हैं और जयपुर-दिल्ली एवं जयपुर-आगरा मार्ग पर घने कोहरे के कारण यातायात जाम देखा गया। (भाषा)