शुक्रवार, 29 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. राष्ट्रीय
Written By भाषा

सोनिया, मनमोहन, राहुल के फर्जी खाते

सोनिया, मनमोहन, राहुल के फर्जी खाते -
WD
सोनिया गाँधी नाम से ट्वीटर पर एक संदेश है कि ‘जेपीसी में इसरो और आदर्श घोटाले भी शामिल हो सकते हैं। कांग्रेस को कुछ नहीं छिपाना।’ लेकिन आपको यह भी बता दें कि यह फर्जी एकाउंट से जारी किया गया संदेश है।

इस तरह के अनेक संदेश ट्विटर और फेसबुक जैसी सोशल नेटवर्किंग साइटों से राजनेताओं तथा बड़ी हस्तियों के फर्जी खातों से जारी किए जा रहे हैं।

इसी तरह शीर्ष नेताओं और खासतौर पर कांग्रेस अध्यक्ष व प्रधानमंत्री मनमोहनसिंह के लिए इस तरह की साइटें सिरदर्द बनती जा रहीं हैं।

FILE
ट्विटर और फेसबुक दोनों ही लोकप्रिय वेबसाइटों पर सोनिया तथा प्रधानमंत्री के नाम से अनेक खाते हैं। उनके फर्जी खातों में 2जी स्पेक्ट्रम मामले, एस.बैंड समझौते, राष्ट्रमंडल खेलों और आदर्श मामले से संबंधित संदेश हैं।

सोनिया के नाम से जाली ट्विटर खाते में एक पोस्टिंग में लिखा गया है, ‘नतीजों के सावधानी पूर्वक मूल्यांकन के बाद कांग्रेस आला कमान जेपीसी के लिए तैयार हो गया है। हमें कुछ नहीं छिपाना।’

उनके हवाले से एक और ट्वीट कहता है, ‘अधिकतर देश करों के माध्यम से जनता को गरीब बनाते हैं। हम कलमाड़ी जैसे लोगों को अमीर बनाते हैं। यह हमारे लिए आश्चर्य पैदा करता है।’

इसी तरह प्रधानमंत्री सिंह के नाम से एक खाते में संदेश जारी किया गया है, ‘मैडम जी, वाम दल कभी सही नहीं हो सकते जी। पुरुलिया कभी राय बरेली नहीं हो सकता जी।’

राहुल गाँधी भी इस जालसाजी से बच नहीं पाए हैं। अनेक ट्विटर खातों में उनकी तस्वीर और उनके बारे में जानकारी के अलावा फर्जी पोस्टिंग देखी जा सकती हैं। (भाषा)