शुक्रवार, 29 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. राष्ट्रीय
Written By भाषा
Last Modified: भोपाल , शुक्रवार, 23 मई 2014 (18:58 IST)

सुषमा-सुमित्रा सहित 3-4 के मंत्री बनने की संभावना

सुषमा-सुमित्रा सहित 3-4 के मंत्री बनने की संभावना -
FILE
भोपाल। मध्यप्रदेश में कुल 29 लोकसभा सीटों में से 27 सीटों पर ऐतिहासिक जीत दर्ज करने के बाद राज्य के भाजपा नेताओं द्वारा अटकलें लगाई जा रही हैं कि नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बनने वाली केंद्रीय सरकार में पार्टी की दिग्गज नेता सुषमा स्वराज और सुमित्रा महाजन सहित कम से कम 3 या 4 मंत्री प्रदेश से शामिल हो सकते हैं।

भाजपा सूत्रों ने शुक्रवार को यहां बताया कि मध्यप्रदेश में भाजपा की शानदार जीत ने प्रदेश के पार्टी नेताओं और जनता की महत्वाकांक्षाओं को बढ़ा दिया है और वे उम्मीद कर रहे हैं कि मोदी अपने केंद्रीय मंत्रिमंडल में मध्यप्रदेश से 2 महिलाओं सहित कम से कम 3-4 मंत्रियों को शामिल करेंगे।

उन्होंने कहा कि मोदी कैबिनेट में प्रदेश से इन संभावित चेहरों में सुषमा स्वराज सबसे प्रमुख दावेदार हैं, जो पिछली लोकसभा में प्रतिपक्ष की नेता थीं। वे इस बार विदिशा से लगातार दूसरी बार जीतकर सांसद बनी हैं। सुषमा को केंद्रीय मंत्रिमंडल में कैबिनेट मंत्री के रूप में जगह मिल सकती है।

सूत्रों ने बताया कि सुषमा के अलावा दूसरी महिला सांसद, जो केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने की प्रबल दावेदार है, वे सुमित्रा महाजन हैं। सुमित्रा ने इंदौर लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र से लगातार 8वीं बार जीत दर्ज की है।

सुषमा एवं सुमित्रा दोनों ने वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में अपनी-अपनी सीटों पर 4 लाख से अधिक मतों से रिकॉर्ड जीत दर्ज की है। सुषमा ने कांग्रेस महासचिव और मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के अनुज लक्ष्मण सिंह को हराया है, जबकि सुमित्रा ने कांग्रेस उम्मीदवार सत्यनारायण पटेल को पराजित किया है।

भाजपा सूत्रों ने कहा कि इन दोनों महिला दावेदारों के अलावा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर का दावा भी मजबूत है, क्योंकि उन्होंने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ मिलकर नरेन्द्र मोदी को प्रदेश से 27 सीटें दी हैं।

नरेन्द्र मोदी, चौहान एवं तोमर ने लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान जनता से अपील की थी कि वे मध्यप्रदेश से ‘अधिकाधिक कमल’ दें ताकि केंद्र में एक मजबूत सरकार बनाई जा सके। उन्होंने बताया कि तोमर ने प्रतिष्ठित सीट ग्वालियर से कांग्रेस प्रत्याशी अशोक सिंह को एक कड़े मुकाबले में 29,699 मतों से पराजित किया है।

सूत्रों ने बताया कि इनके अलावा संसदीय बोर्ड के सदस्य और राज्यसभा सांसद थावरचंद गहलोत का नाम भी कैबिनेट की सीट के संभावितों में यहां पार्टी नेताओं के बीच चर्चा में है। गहलोत को हाल ही में भाजपा ने नरेन्द्र मोदी के स्थान पर गुजरात का मुख्यमंत्री चुनने की जिम्मेदारी सौंपी थी।

गहलोत मालवा-निमाड़ क्षेत्र के ताकतवर नेता हैं और उन्होंने शाजापुर लोकसभा सीट (जो वर्तमान में देवास बन गई है) का 1996, 1998, 1999 और 2004 में लगातार 4 बार प्रतिनिधित्व किया है। उन्होंने कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते भी मोदी के मंत्रिमंडल में शामिल होने के लिए एक दावेदार हैं।

वे उन भाजपा सांसदों में शामिल थे जिन्होंने लोकसभा में ‘विश्वास मत’ के दौरान 22 जुलाई 2008 में ‘कैश-फॉर-वोट घोटाले’ के संबंध में संसद में नोटों की गड्डियां दिखाकर सनसनी फैलाई थीं। इस बार वे मंडला सीट से जीतकर लोकसभा पहुंचे हैं।

भाजपा सूत्रों ने बताया कि इनके अतिरिक्त एक और पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल का नाम भी यहां केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने के लिए चर्चा में चल रहा है। वे इस बार दमोह से कांग्रेस प्रत्याशी चौधरी महेन्द्र प्रताप सिंह को 2,13,299 मतों से पराजित कर सांसद बने हैं।

प्रदेश भाजपा के मीडिया इंचार्ज हितेश बाजपेयी ने शुक्रवार को यहां बताया कि यद्यपि यह प्रधानमंत्री का विशेषाधिकर है कि वे किस-किसको अपने मंत्रिमंडल में शामिल करें, फिर भी हमें पूरा यकीन है कि मोदीजी के नेतृत्व वाले कैबिनेट में मध्यप्रदेश को उचित प्रतिनिधित्व मिलेगा और प्रदेश के साथ पिछले 10 साल में यूपीए शासनकाल में जो नाइंसाफी हुई थी, वह अब जल्दी ही दुरुस्त हो जाएगी। (भाषा)