शनिवार, 20 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. राष्ट्रीय
Written By वार्ता

सांसद सुलझा सकते हैं राम मंदिर का मुद्दा:सिंघल

सांसद सुलझा सकते हैं राम मंदिर का मुद्दा:सिंघल -
FILE
विश्व हिंदू परिषद के अध्यक्ष अशोक सिंघल ने कहा कि संसद सदस्य अयोध्या में एकमत से अयोध्या में राम मंदिर बनाने का निर्णय लेते हैं तो मंदिर मुद्दे का समाधान हो सकता है।

सिंघल ने कहा कि राम मंदिर मुद्दे का समाधान अदालत के फैसले से नहीं हो सकता है, इसलिए संसद सदस्यों को मंदिर निर्माण के लिए संसद में एक अधिनियम लाकर सौहार्दपूर्ण तरीके से इस मुद्दे के समाधान के लिए कदम उठाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि यदि संसद सदस्य अथवा विभिन्न दलों के हिंदू सदस्य इस समस्या का समाधान नहीं कर सकते हैं तो दोनों समुदायों के बीच संघर्ष की स्थिति उत्पन्न हो जाएगी।

उन्होंने कहा कि इस मामले में अदालत का फैसला हिंदू और मुस्लिम दोनों समुदायों के लोगों को संतुष्ट नहीं कर सकता है, इसलिए राजनीतिक दलों को इस बारे में उचित निर्णय लेना चाहिए।

उन्होंने कहा कि राम जन्म भूमि का मुद्दा संपत्ति का विवाद नहीं है बल्कि यह अयोध्या में भगवान राम के जन्म स्थल से जुडा लोगों के विश्वास का मामला है। उन्होंने कहा कि राम मंदिर का मुद्दा राजनीतिक नहीं है, बल्कि राष्ट्रीय मुद्दा है, जिसे वोट बैंक की राजनीतिक के लिए नहीं उछाला जाना चाहिए।

विहिप नेता ने कहा कि राम मंदिर का मुद्दा बहुत महत्वपूर्ण है लेकिन यह मुद्दा पिछले 60 वर्षों से अदालत में फँसा हुआ है। उन्होंने कहा कि सभी जानते हैं कि इस मामले पर अदालत सितंबर और नवंबर के बीच अपना फैसला सुनाने वाली है। (वार्ता)