शुक्रवार, 29 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. राष्ट्रीय
  6. सदन के शामियाने में सजी रिश्तों की झाँकी
Written By भाषा

सदन के शामियाने में सजी रिश्तों की झाँकी

Some More MP  took oath on tuesday | सदन के शामियाने में सजी रिश्तों की झाँकी
लोकसभा में मंगलवार को परिवारवाद की झलक देखने को मिली, जब कई बेटे-बेटियों और नाते रिश्तेदारों ने सदन की सदस्यता की शपथ ली। कांग्रेस और भाजपा के दो युवा गाँधी राहुल और वरुण ने भी आज ही शपथ ग्रहण की।

राहुल के वक्त दिखा ज्यादजोर : जहाँ विपक्षी सदस्यों की मेजों की थपथपाहट के बीच वरुण और उनकी माँ मेनका गाँधी ने शपथ ली, वहीं सत्ता पक्ष की ओर से उससे जोरदार मेजों की थपथपाहट के बीच राहुल गाँधी ने भी शपथ लीराहुल को शपथ लेते देखने बहन प्रियंका पति राबर्ट वाड्रा के साथ सदन की विशिष्ट दीर्घा में मौजूद थीं।

पिता-पुत्र आए एक साथ : रालोद प्रमुख अजीतसिंह और उनके बेटे जयंत चौधरी ने भी शपथ ली। जयंत पहली बार लोकसभा के लिए निर्वाचित हुए हैं। वे मथुरा से मैदान में थेपिता-पुत्र की कड़ी में अगली जोड़ी सपा प्रमुख मुलायमसिंह यादव और उनके बेटे अखिलेश यादव की थी। मुलायम मैनपुरी से तो अखिलेश कन्नौज से जीते हैं। अखिलेश फिरोजाबाद सीट पर भी चुनाव जीते थे, लेकिन उन्होंने 21 मई को वहाँ से इस्तीफा दे दिया। बदायूँ से जीते मुलायम के भतीजे धर्मेन्द्र यादव ने भी शपथ ली।

पूर्व प्रधानमंत्री दिवंगत चंद्रशेखर के पुत्र नीरज शेखर ने सदन की सदस्यता ग्रहण की। वे अपने पिता की परंपरागत सीट बलिया से जीतकर आए हैं।

अन्य जिन मंत्रियों ने आज शपथ ली, उनमें प्रतीक पाटिल, श्रीप्रकाश जायसवाल, हरीश रावत और रेल मंत्री ममता बनर्जी प्रमुख रहीं। क्रिकेटर से नेता बने अजहरुद्दीन के शपथ ग्रहण के समय उनकी पत्नी संगीता बिजलानी दर्शक दीर्घा में मौजूद थीं।

सदस्यों के शपथ लेने की प्रक्रिया आज लगभग पूरी हो गई। 543 सदस्यीय लोकसभा के 335 सदस्यों ने कल शपथ ली थी। शेष में से अधिकांश ने आज शपथ ली। जिन सदस्यों की शपथ अभी नहीं हो सकी है, वे आने वाले दिनों में सदस्यता की शपथ लेंगे।

वरुण ने किया ताई को नमस्कार : वरुण आज जब शपथ ले रहे थे, उनकी ताई सोनिया और चचेरी बहन प्रियंका मुस्कुराते हुए देखी गईं। उन्होंने सोनिया को नमस्कार भी किया, जबकि उनकी माँ मेनका ने सत्ता पक्ष की ओर देखा तक नहीं।

जेठानी-देवरानी एक दूसरे को सीधे देखने से कतराती दिखीं। वरुण जिस समय हिन्दी में शपथ ले रहे थे, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया खुश नजर आ रही थीं। राहुल जब अंग्रेजी में शपथ ले रहे थे उनकी चाची मेनका मुस्कराती दिखीं। राहुल के शपथ लेते समय मेनका को मेज थपथपाकर उनका उत्साह बढ़ाते भी देखा गया।

वाजपेयी के उत्तराधिकारी जो ठहरे : पूर्व प्रधानमंत्री अटलबिहारी वाजपेयी की परंपरागत सीट लखनऊ से जीतकर आए लालजी टंडन का उनके पार्टी सहयोगियों ने शपथ लेते समय जबर्दस्त स्वागत किया। राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के पुत्र दुष्यंत कुमार ने भी आज शपथ ली।

तमिलनाडु के सांसदों का तमिल प्यार : अन्नाद्रमुक के सभी नौ सांसदों ने ईश्वर के नाम पर शपथ ली, जबकि द्रमुक सांसदों ने सत्यनिष्ठा के नाम पर शपथ ली। तमिलनाडु के सभी सांसदों में हालाँकि एक समानता रही कि उन्होंने तमिल में शपथ ली।

भाजपा अध्यक्ष राजनाथसिंह और सपा के समर्थन से निर्दलीय चुनाव जीते कल्याणसिंह ने भी आज ही शपथ ग्रहण की। शपथ लेने वालों में कई बॉलीवुड, टॉलीवुड और कॉलीवुड सितारे शामिल थे।

सितारे भी चमक रहे थे : इनमें सपा की जयाप्रदा, बिहारी बाबू के नाम से मशहूर भाजपा के शत्रुघ्न सिन्हा, दक्षिण भारतीय फिल्मों की 'लेडी अमिताभ' के नाम से मशहूर विजया शांति, बांग्ला फिल्मों की अभिनेत्री शताब्दी राय और अभिनेता तापस पाल तमिल फिल्म स्टार शिवकुमार प्रमुख थे।