शुक्रवार, 29 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. राष्ट्रीय
Written By भाषा

शरद यादव इस्तीफा दें-दिग्विजय

शरद यादव इस्तीफा दें-दिग्विजय -
जनता दल-यू के विद्रोही नेता दिग्विजयसिंह ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर परोक्ष हमला किया और पार्टी प्रमुख शरद यादव को नैतिकता के आधार पर राज्यसभा से त्यागपत्र देने की चुनौती दी। कुमार का नाम लिए बिना सिंह ने कहा कि पार्टी तानाशाह जैसे नेता की मुट्ठी में है और यादव सहित अन्य सभी नेता सिर्फ नाम के हैं।

उम्मीदवारों का टिकट तय करते समय यादव से भी विचार-विमर्श नहीं किए जाने का आरोप लगाते हुए सिंह ने कहा यदि मैंने राज्यसभा से इस्तीफा दिया है तो यादव को भी नैतिकता के मुद्दे पर त्यागपत्र देना चाहिए। यादव भी राज्यसभा के सदस्य हैं।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि टिकट जयनारायण प्रसाद निषाद जैसे नये प्रवासियों और उन लोगों को दिया गया जो चारा घोटाले में शामिल हैं। सिंह ने दावा किया कि यादव चाहते थे कि वे इस्तीफा न दें लेकिन उन्होंने पार्टी अध्यक्ष को यह कहते हुए जवाब दिया कि यदि उनमें साहस है तो उन्हें भी इस्तीफा देना चाहिए।

सिंह ने यह बयान तब दिया जब संवाददाताओं ने उन्हें याद दिलाया कि यादव ने उनसे कार्यकाल समाप्त होने तक त्यागपत्र नहीं देने को कहा है। उन्होंने कहा कि यादव में नैतिक मूल्यों का पालन करने का साहस होना चाहिए जो वे अन्य को पढ़ा रहे हैं।

पार्टी का टिकट नहीं मिलने के कुछ दिन बाद सिंह ने बिहार में बाँका लोकसभा सीट से निर्दलीय के तौर पर चुनाव लड़ने के लिए राज्यसभा से इस्तीफा दे दिया था।