शुक्रवार, 19 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. राष्ट्रीय
Written By भाषा

मोदी सरकार को उखाड़ फेंको-सोनिया

आणंद में कांग्रेस अध्यक्ष ने चुनावी बिगुल फूँका

मोदी सरकार को उखाड़ फेंको-सोनिया -
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गाँधी ने गुजरात की मोदी सरकार पर विकास और जन कल्याण के झूठे वादे और दावे करने का आरोप लगाते हुए राज्य की जनता से आगामी विधानसभा चुनाव में उसे उखाड़ फेंकने का आह्वान किया है।

श्रीमती गाँधी ने कांग्रेस द्वारा आयोजित 'महिला सम्मान रैली' से पार्टी के चुनाव प्रचार अभियान का शंखनाद करते हुए मोदी सरकार की तीखी आलोचना की। उन्होने कहा कि अगले महीने होने वाले विधानसभा चुनाव में राज्य की जनता के पास 'मौजूदा कुशासन' से मुक्ति का एक अवसर है। मुख्यमंत्री नरेन्द्र पर उनका नाम लिए बगैर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जिन लोगों के हाथ में सरकार की बागडोर है उनका समाज, राजनीति और इंसानियत के ऊँचे उसूलों और आदर्शों से कोई लेना-देना नहीं है।

गुजरात के दंगों की चर्चा करते हुए और इस संबंध में हाल के तहलका खुलासे की ओर इशारा करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि दो हजार दो में इनके राज्य में जो कारनामे हुए और अभी हाल में जो सच्चाई सामने आई उससे हम सबको गहरा दुख है और शर्म से हमारा सिर झुक जाता है। क्या कोई सभ्य समाज चाहता है कि हमारी बहनों-बेटियों के साथ इस तरह की हैवानियत और शारीरिक अपराध हों। उन्होंने लोगों से और विशेष रूप से राज्य की महिलाओं से ऐसे बर्बर लोगों के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करने का आह्वान किया।

भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा- रोज-रोज अपना रंग बदलने वाले भाजपा नेताओं को अपने संगठन में झूठा प्रचार करना और लोगों को भरमाने का अभ्यास कराया जाता है।

सोनिया ने कहा कि सेतु समुद्रम परियोजना का इस्तेमाल आजकल लोगों की भावनाओं से खेलने के साधन के रूप में किया जा रहा है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि वह लोगों के समक्ष सत्य क्यों नहीं बोलते कि यह परियोजना भाजपा नीत राजग शासन के समय की है। आपको यह सत्य जानना चाहिए तथा आप दूसरे अन्य लोगों को भी यह बात बताएँ।

उन्होंने कहा कि जब भाजपा सरकार ने अपने शासन में सेतु समुद्रम योजना बनाई थी तब उन्होंने भगवान राम के बारे में क्यों नहीं सोचा था। संप्रग सरकार इस मुद्दे पर बिना किसी की धार्मिक भावनाओं को चोट पहुँचाए इसके सभी पहलुओं को देख रही है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कांग्रेस पार्टी के लिए सभी धर्म एक समान हैं।