शुक्रवार, 19 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. राष्ट्रीय
Written By भाषा

भूपेन हजारिका का निधन

भूपेन हजारिका का निधन -
PTI
असम के पारंपरिक संगीत को लोकप्रियता के नए आयाम पर पहुंचाने वाले गायक-संगीतकार भूपेन हजारिका का शनिवार को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया।

कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल के मीडिया प्रभारी जयंत नारायण साहा ने बताया, कि उनके कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया था। उनका शाम लगभग साढ़े चार बजे निधन हो गया। चिकित्सकों ने उनके निधन का कारण निमोनिया के बाद कई अंगों का काम बंद करना बताया है।

अस्पताल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. राम नारायण ने बताया कि वह पिछले चार महीने से आईसीयू में थे। उनकी हालत नाजुक थी। पिछले तीन-चार दिन से उनकी हालत और बिगड़ गई थी और वह बहुत कमजोर हो गए थे। वह जीवन रक्षक उपकरण और डायलिसिस पर थे।

हजारिका सांस लेने में परेशानी के बाद 29 जून से अस्पताल में थे। उसके बाद से वह बिस्तर पर थे। उनके निधन के समय उनकी लंबे समय की साथी और फिल्मकार कल्पना लाजमी उनके साथ थीं।

हजारिका के निधन पर उनके प्रशंसकों और कई नेताओं ने शोक व्यक्त किया है। राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल ने उन्हें ‘रचनात्मक प्रतिभाशाली व्यक्ति’ बताया है कि जिनकी आवाज देश भर में अलग पहचान रखती है।

प्रधानमंत्री मनमोहनसिंह ने भूपेन हजारिका के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि डॉ. हजारिका के निधन से देश ने अपना एक सर्वाधिक महत्वपूर्ण कलाकार खो दिया। उनकी प्रतिभा केवल संगीत एवं साहित्य तक सीमित नहीं थी, बल्कि अभिनय, फिल्म निर्देशन आदि तमाम क्षेत्रों में अपनी उपलब्धियों के साथ वह वस्तुत: एक संपूर्ण सांस्कृतिक व्यक्तित्व थे और उनके निधन से पैदा हुआ शून्य कभी भरा नहीं जा सकेगा।

जाने-माने संगीतकार प्यारेलाल ने कहा कि हालांकि उन्होंने कभी हजारिका के साथ काम नहीं किया, लेकिन उन जैसे लोकसंगीतकार को कभी भुलाया नहीं जा सकता।

असम के मुख्यमंत्री तरुण गोगोई ने प्रदेश के विख्यात कलाकार के निधन पर शोक व्यक्त किया है। गोगोई ने कहा कि यह दुनिया के हर संगीतप्रेमी और खास तौर पर असम के हर नागरिक के लिए दु:ख का दिन है। हजारिका के भतीजे संदीप ने बताया कि उनका अंतिम संस्कार असम में किया जाएगा।

प्रख्यात गायक के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए महाराष्ट्र के राज्यपाल के शंकरनारायण ने कहा कि ‘ब्रह्मपुत्र की आवाज’ शांत हो गई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने कहा कि असम के संगीतकार का निधन बड़ी क्षति है।

केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री अंबिका सोनी ने हजारिका को ‘बहुआयामी’ व्यक्तित्व बताया है। उन्होंने कहा कि हजारिका एक बहुआयामी व्यक्तित्व थे, जिन्होंने अपने संगीत, आवाज और रचनात्मकता की शक्ति से दुनिया भर के लाखों लोगों को प्रभावित किया।

भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी ने हजारिका को ऐसी ‘प्रतिभाशाली’ शख्सियत बताया, जिन्होंने समानता और बंधुत्व का संदेश फैलाया। अपने शोक संदेश में गडकरी ने ‘असम की सांस्कृतिक विरासत के प्रचार-प्रसार में हजारिका की भूमिका की’ प्रशंसा की। (भाषा)