गुरुवार, 25 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. राष्ट्रीय
  6. भारत आया था संदिग्ध आतंकवादी हैडली
Written By भाषा

भारत आया था संदिग्ध आतंकवादी हैडली

David Hedlee Suspected Terrorist LET | भारत आया था संदिग्ध आतंकवादी हैडली
केंद्रीय गृह सचिव जीके पिल्लई ने आज कहा कि लश्कर-ए-तोइबा के कहने पर भारत में बड़ा आतंकवादी हमला करने की साजिश रच रहा एफबीआई के हाथों गिरफ्तार आतंकवादी डेविड कोलमैन हैडली मुंबई सहित देश के विभिन्न शहरों में कई बार आया था।

पिल्लई ने कहा हम जानते हैं कि हैडली कई बार भारत आया था। इसकी जाँच की जा रही है। वे उन मीडिया रिपोर्टों से जुड़े सवाल का जवाब दे रहे थे, जिनमें कहा गया था कि अमेरिकी नागरिक कई बार भारत आ चुका है।

गृह सचिव से जब यह पूछा गया कि हैडली भारत में किन स्थानों पर गया था तो उन्होंने कहा वह मुंबई और कुछ अन्य स्थानों पर रहा।

हैडली को शिकागो के ओ’हारे अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से पिछले महीने गिरफ्तार किया गया था, जब वह पाकिस्तान जाने के इरादे से फिलाडेल्फिया के लिए विमान में चढ़ रहा था। एफबीआई ने इस मामले में पाकिस्तानी मूल के कनाडाई नागरिक 48 वर्षीय तहव्वुर हुसैन राणा को भी गिफ्तार किया है।

राणा को दिल्ली स्थित राष्ट्रीय रक्षा कॉलेज और अन्य प्रतिष्ठानों पर हमले की साजिश रचने के मामले में गिरफ्तार किया गया है।

मुंबई पुलिस भी कर रही है जाँच : मुंबई पुलिस इस बात की जाँच कर रही है कि क्या भारत में कथित तौर पर आतंकी हमले की साजिश रचने के सिलसिले में एफबीआई द्वारा गिरफ्तार डेविड कोलमैन हैडली की मुंबई पर 26/11 आतंकी हमले में कोई भूमिका रही है।(भाषा)