गुरुवार, 18 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. राष्ट्रीय
Written By भाषा

भाजपा कांग्रेस का विकल्प नहीं : करात

भाजपा कांग्रेस का विकल्प नहीं : करात -
FILE
कानपुर। भारतीय जनता पार्टी को कांग्रेस का विकल्प मानने से इंकार करते हुए मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के महासचिव प्रकाश करात ने गुरुवार को कहा कि देश को एक नए विकल्प की जरूरत है।

उन्होंने कहा क‍ि वह नया विकल्प तब बनेगा जब सभी समान विचारधारा वाले दल वैकल्पिक नीतियों के लिए संघर्ष को आगे ले जाएंगे।

उनसे जब पूछा गया कि क्या कोई तीसरा मोर्चा बनेगा और उसके नेता सपा प्रमुख मुलायम सिंह होंगे तो उन्होंने कहा कि चुनावी गठबंधन से कोई मोर्चा नहीं बनेगा।

करात के अनुसार देश को कांग्रेस और भाजपा के अलावा एक नई ताकत और मजबूत विकल्प की जरूरत है और जो भी समान विचारधारा वाले दल कांग्रेस और भाजपा की नीतियों के खिलाफ साथ देंगे उन्हें हम अपने साथ लेकर चलेंगे। इसमें जहां कई राष्ट्रस्तरीय दल हैं वहीं कई राज्यस्तरीय दल भी शामिल हैं।

कानपुर में संघर्ष संदेश यात्रा के जत्थे के साथ पहुंचे माकपा महासचिव प्रकाश करात ने गुरुवार को सुबह इटावा रवाना होने से पहले अपने होटल में एक खास बातचीत में कहा कि उनकी इस यात्रा के 6 उद्देश्य हैं।

उन्होंने कहा कि खाद्य सुरक्षा, जमीन अधिग्रहण, रोजगार, शिक्षा और चिकित्सा का अधिकार, महिलाओं का अधिकार और भ्रष्टाचार के खिलाफ जंग हमारी यात्रा के 6 मकसद हैं। करात ने कहा कि जिन राजनीतिक दलों को हमारी इन वैकल्पिक नीतियों पर यकीन है वह हमारे साथ हैं हम साथ मिलकर संघर्ष करेंगे।

हमारी यह संघर्ष संदेश यात्रा चार स्थानों से निकली है और 18 मार्च को दिल्ली पहुचेगी और फिर 19 मार्च को हम सब मिलकर रामलीला मैदान में एक बड़ी जनसभा करेंगे वहीं से अगले आंदोलन का बिगुल फूंका जाएगा। (भाषा)