शनिवार, 20 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. राष्ट्रीय
Written By वार्ता

पाक का झंडा फहराया तो छलनी कर देंगे

पाक का झंडा फहराया तो छलनी कर देंगे -
प्रधानमंत्री मनमोहनसिंह ने अपने कार्यकाल में अमेरिका के साथ परमाणु समझौता करने के अलावा कुछ नहीं सोचा। उन्होंने महँगाई रोकने और आतंकवाद से निपटने के लिए भी कुछ नहीं किया।

यह आरोप गुरुवार को लोकसभा में विपक्ष के नेता लालकृष्ण आडवाणी ने लगाए। यहाँ भारतीय जनता पार्टी की राजस्थान इकाई द्वारा आयोजित राज्य के बूथ कार्यकर्ताओं के सम्मेलन विजय संकल्प महाकुंभ को संबोधित करते हुए आडवाणी ने कहा कांग्रेस आम आदमी के नारे के साथ केंद्र की सत्ता में आई, लेकिन उसने गरीबों और किसानों की समस्याओं से निपटने के लिए कोई कदम नहीं उठाए।

अमेरिका में हुए परिवर्तन की चर्चा करते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता ने कहा कि वहाँ हुए चुनावों के परिणाम ने यह साबित किया है कि अगर सरकार अच्छा काम नहीं करती है तो जनता परिवर्तन कर सकती है। देश की जनता को भी इसी तरह का समर्थ्य दिखाने की आवश्यकता है।

पाक झंडा फहराने वालों को छलनी कर देंगे : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथसिंह ने कहा है कि लालकृष्ण आडवाणी प्रधानमंत्री बने तो भारत की धरती पर पाकिस्तानी झंडा फहराने की कोशिश करने वालों का सीना गोलियों से छलनी कर देंगे।

भाजपा द्वारा यहाँ आज आयोजित विजय संकल्प महाकुंभ को संबोधित करते हुए पार्टी अध्यक्ष ने कहा कि श्रीनगर में पाकिस्तान का झंडा फहराया जाता है, लेकिन केन्द्र सरकार चुप है।

सिंह ने मुसलमानों से मजहब की राजनीति करने वालों से सावधान रहने की सलाह देते हुए कहा कि केन्द्र सरकार मजहब की राजनीति कर फिर से भारत के दो टुकड़े करना चाहती है। धर्म के आधार पर गणना कराने का केन्द्र सरकार का उद्देश्य देश को दो टुकडों में बाँटने का है।

सिंह ने कहा आतंकवादी घटनाएँ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार के समय भी हुईं, लेकिन आतंकवादियों को बख्शा नहीं गया, लेकिन कठोर कानून के अभाव में अब बम विस्फोट करने वाले बच निकलने में कामयाब हो रहे हैं।