शुक्रवार, 19 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. राष्ट्रीय
Written By भाषा

ताजमहल की खूबसूरती से अभिभूत हुईं जिल बायडेन

ताजमहल की खूबसूरती से अभिभूत हुईं जिल बायडेन -
आगरा। ताजमहल की खूबसूरती से अभिभूत अमेरिका की द्वितीय महिला जिल बायडेन ने महसूस किया कि यहां बिताया गया एक घंटे से भी कम वक्त काफी संक्षिप्त था और वह प्रेम का प्रतीक कहे जाने वाले इस स्मारक को फिर से देखने आना चाहती हैं।
PTI

जैसे ही जिल वहां पहुंची, वह सफेद रंग के संगमरमर से बने ताज के सामने कुछ क्षण के लिए रूकीं। उसके बाद उन्होंने 40 मिनट तक स्मारक का भ्रमण किया। उनके साथ दो गाइड शम्सुद्दीन खान और बरूण रावत भी थे। उन्होंने उन्हें 17 वीं सदी के इस स्मारक के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

स्मारक की खूबसूरती से प्रभावित जिल ताजमहल की दीवारों को स्पर्श करते दिखीं ताकि संगमरमर पर की गई गहन नक्काशी का अहसास कर सकें।

जिल ने बताया कि यह काफी आश्चर्यजनक है। यह बेहद खूबसूरत है। हमने यहां पहुंचने के लिए तीन घंटे की यात्रा की और यह सार्थक रहा। यह दुनिया के सात आश्चर्यों में से एक है।

नीले रंग का परिधान पहनी हुई अमेरिका के उपराष्ट्रपति जोसफ बायडेन की पत्नी के साथ उनकी बेटी एश्ली और उनके दामाद डॉ. हावर्ड डेविड क्रेन भी थे।

जहां जिल ताज की खूबसूरती को देखने में व्यस्त थीं, वहीं युवा जोड़ा उसकी तस्वीरें लेने में व्यस्त था। युवा जोड़े की शादी पिछले साल ही हुई थी। परिवार ने ताजमहल के सामने खड़े होकर तस्वीरें भी खिंचवाईं।

जिल अपने पति जो बायडेन के साथ चार दिवसीय भारत यात्रा पर आई हैं। जो बायडेन की इस यात्रा का उद्देश्य व्यापार, उर्जा, रक्षा और सुरक्षा जैसे अहम क्षेत्रों में संबंधों को बढ़ावा देना है। (भाषा)