शुक्रवार, 19 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. राष्ट्रीय
Written By भाषा

गौ हत्या को बढ़ावा दे रहा है केन्द्र-मोदी

गौ हत्या को बढ़ावा दे रहा है केन्द्र-मोदी -
FILE
इस साल के अंत में होने जा रहे गुजरात विधानसभा चुनावों से पूर्व मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी ने संप्रग सरकार पर आरोप लगाया कि वह गौ मांस के निर्यात के लिए गौ हत्या को बढ़ावा दे रही है।

जन्माष्टमी के अवसर पर मोदी ने लोगों से आग्रह किया कि वे गौ हत्या को बढ़ावा दे रही ‘गुलाबी क्रांति’ (मांस व्यापार प्रसार) को अस्वीकार कर दें।

भाजपा नेता ने अपने ब्लाग में लोगों को जन्माष्टमी की बधाई देते हुए कहा, यह देखकर मुझे दुख होता है कि कांग्रेस के नेतृत्व वाली संप्रग सरकार गौ हत्या और गौ मांस के निर्यात को बढ़ावा दे रही है, ताकि ‘गुलाबी क्रांति’ लाई जा सके।

उन्होंने लिखा है, यह दुख की बात है कि संप्रग संभवत: हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की अनदेखी कर रही है। वह भारत को सबसे बड़ा गौ मांस निर्यातक बनाना चाहती है। मोदी ने कहा कि हम न केवल भगवान कृष्ण की पूजा करते हैं, बल्कि उनसे जुड़ी हर चीज की पूजा करते हैं। ‘माखनचोर’ को हमेशा गायों के सखा और संरक्षक के तौर पर याद किया जाता है।

उन्होंने अपने ब्लाग में लिखा है कि हमारी भावी पीढ़ी को पर्याप्त दूध नहीं मिल रहा है और यह सरकार उसी गौ माता की हत्या करना चाहती है, जो हमें जीवन अमृत प्रदान करती हैं।

मोदी ने लोगों से सवाल किया, क्या हम गौ हत्या पर आधारित कांग्रेसनीत संप्रग सरकार के इस प्रयास पर गर्व महसूस करें? गौ वंश रक्षा में अपनी सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए मोदी ने कहा कि गुजरात में गौ माता की रक्षा के लिए कोई कोर कसर नहीं छोडी गई है। देश में एकमात्र हमारा राज्य ऐसा है, जिसने गौ वंश की रक्षा और गौ हत्या पर प्रतिबंध के लिए कानून बनाया है।

मोदी ने कहा कि हमारा काम केवल गौ माता का वध रोकने तक ही सीमित नहीं है, बल्कि हम उनकी बेहतरी भी सुनिश्चित करते हैं। इससे हमें प्रेरणा मिलती है और हम गौ वंश के मोतियाबिंद के ऑपरेशन कराते हैं। उन्होंने जन्माष्टमी के अवसर पर लोगों, विशेषकर बच्चों को शुभकामनाएं दीं। (भाषा)