शुक्रवार, 19 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. राष्ट्रीय
Written By भाषा
Last Modified: अलीगढ़ , शुक्रवार, 31 जनवरी 2014 (00:21 IST)

गांधी के सिद्धांतों को नष्ट कर रही है भाजपा : सोनिया

गांधी के सिद्धांतों को नष्ट कर रही है भाजपा : सोनिया -
FILE
अलीगढ़। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने भाजपा पर प्रहार करते हुए इस पर सत्ता के लिए ‘सांप्रदायिक नफरत’ फैलाने और महात्मा गांधी के सिद्धांतों को ‘नष्ट’ करने का आरोप लगाया।

सोनिया ने कहा, ‘वे महात्मा गांधी के सिद्धांतों को नष्ट करने पर तुले हैं जिन्होंने सभी समुदायों के बीच धार्मिक सहिष्णुता एवं भाईचारे का पाठ पढ़ाया।’ सोनिया ने अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के परिसर का उद्घाटन करने के बाद कहा, ‘कुर्सी के लिए वे सदियों पुरानी गंगा यमुना तहजीब को तोड़ रहे हैं और समाज में सांप्रदायिक घृणा फैला रहे हैं।’

अपने दस मिनट के भाषण में उन्होंने कहा कि सांप्रदायिक ताकतें लोगों को ऊंची-ऊंची बातों से मूर्ख बना रही हैं जबकि कांग्रेस ने हमेशा देश में धर्मनिरपेक्षता की नींव को मजबूत करने का काम किया है।

एएमयू समारोह में निमंत्रण को लेकर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और कांग्रेस के बीच पिछले दो दिनों से चल रहे वाकयुद्ध के बीच सोनिया ने कहा कि संप्रग सरकार हमेशा राज्य के प्रति दयालु रही है और पिछले दस वर्षों में इसके विकास के लिए 1.34 लाख करोड़ रुपए का आवंटन किया।

सोनिया ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा अल्पसंख्यकों के कल्याण के लिए काम किया है। उन्होंने कहा, ‘हमने सच्चर आयोग रिपोर्ट की अधिकतर अनुशंसाओं को लागू किया और वक्फ बोर्ड की संपत्तियों के विकास के लिए निगम का गठन किया।’

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि मदरसा में दी जा रही आधुनिक शिक्षा के माध्यम से अल्पसंख्यकों के बीच साक्षरता दर बढ़ी है। सोनिया ने कांग्रेस शासित गठबंधन के दौरान किए गए विकास कार्यों को गिनाया और खाद्य सुरक्षा कानून, लोकपाल आदि का जिक्र किया। (भाषा)