शनिवार, 20 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. राष्ट्रीय
Written By भाषा

गर्मी का कहर जारी, मृतक संख्‍या 39

राजधानी में तापमान 42 डिग्री से ऊपर

गर्मी का कहर जारी, मृतक संख्‍या 39 -
देश के कई इलाकों में झुलसा देने वाली गर्मी जारी है। कोलकाता में लू लग जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। पूरे देश में गर्मी के कारण हुई मौत का आँकड़ा 39 पर पहुँच गया है।

देश की राजधानी में तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुँच गया। यहाँ यह मौसम का अभी तक का सबसे गर्म दिन था। दिनभर शहर में गर्म हवा के थपेड़े चले। इससे शहर के लोगों को खासी दिक्कत हुई।

पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में गर्मी के कारण तापमान सामान्य से चार से छह डिग्री ऊपर पहुँच गया है। हरियाणा का हिसार सबसे गर्म रहा़, जहाँ तापमान 45.2 डिग्री दर्ज किया गया।

लंबे समय तक चलने वाली बिजली कटौती और जलापूर्ति में कमी के कारण लोगों की परेशानी बढ़ गई है। पहाड़ी राज्य हिमाचलप्रदेश की राजधानी शिमला में भी तापमान 27 डिग्री रहने के कारण मौसम का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया। ऊना प्रदेश का सबसे गर्म इलाका रहा, जहाँ तापमान 41.2 डिग्री था।

राजस्थान में श्रीगंगानगर 45 डिग्री तापमान के साथ सबसे गर्म इलाका रहा। चुरू में भी तापमान 44 डिग्री तक पहुँच गया। बिहार, झारखंड, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र और उत्तरप्रदेश में भी गर्मी की ऐसी ही स्थिति है।

पटना में सभी सरकारी और निजी स्कूलों को सुबह 11 बजे तक बच्चों को घर जाने देने के निर्देश दिए गए हैं। देश में गर्मी के कारण अभी तक 39 लोग मारे गए हैं। पश्चिम बंगाल में 11, उड़ीसा में 10, झारखंड में छह, उत्तरप्रदेश में आठ और गुजरात में तीन मौतें हुई हैं।