गुरुवार, 25 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. राष्ट्रीय
Written By भाषा

केंद्र में भाजपा को सत्तासीन करें-आडवाणी

केंद्र में भाजपा को सत्तासीन करें-आडवाणी -
लोकसभा चुनाव में जनता मौजूदा केंद्र सरकार को उसकी गलतियों के लिए दंडित करे। देश के सम्मान को वापस लाने के लिए केन्द्र में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले गठबंधन को सत्तासीन करे।

यह अपील भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार लालकृष्ण आडवाणी ने कही। वे रविवार को यहाँ पार्टी की विजय संकल्प रैली को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि आजादी के बाद देश में ऐसा पहली बार हुआ है, जब देश के प्रधानमंत्री को अपने फैसले के लिए 10 जनपथ का मुँह ताकना पड़ता हो। यह एक शोचनीय स्थिति है। इस स्थिति को बदलने के लिए लोगों को इस सरकार की गलतियों के लिए दंडित करना चाहिए।

भाजपा नेता ने कहा कि इसी कांग्रेस सरकार ने देश में आपातकाल लगाया। उस समय के वरिष्ठ नेताओं को जेल मे ठूँसने के साथ प्रेस पर सेंसर भी लगा दिया, लेकिन भारत की जनता को जब मौका मिला तो उसने कांग्रेस को पूरी तरह से उखाड़ फेंका था।

उन्होंने कहा कि पिछले पाँच वर्षों में जिस तरह से इस सरकार ने केवल खास व्यक्तियों के लिए काम किया और आम आदमी की जरूरतों का कोई ध्यान नहीं दिया, उससे अब यह समय आ गया है कि इस सरकार को दंडित किया जाए।

संसद पर हमला करने की साजिश रचने वाले को सिर्फ इसलिए अभी तक फाँसी नहीं दी गई, क्योंकि उसका नाम अफजल गुरु है, यदि उसका नाम आनंदसिंह या आनंद मोहन होता तो उसे कब की फाँसी दे दी गई होती।

उन्होंने कहा कि यदि देश में किसी एयरलाइंस से 2000 लड़कियों को नौकरी से वंचित कर दिया जाता है तो सरकार ने तुरंत दखल दे दिया, लेकिन जब देश में निर्माण कार्य रूक जाता है और करोड़ों लोग बेरोजगार हो जाते हैं तो सरकार इस पर कोई ध्यान नहीं देती।