गुरुवार, 18 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. राष्ट्रीय
  6. कर्नाटक भाजपा का ''नाटक'' जारी
Written By भाषा

कर्नाटक भाजपा का 'नाटक' जारी

मुख्‍यमंत्री येदियुरप्पा का असंतुष्टों पर आरोप

Karnataka BJP | कर्नाटक भाजपा का ''नाटक'' जारी
FILE
कर्नाटक में भाजपा सरकार पर मंडराते संकट को समाप्त करने के पार्टी केंद्रीय नेतृत्व प्रयासों के बीच राज्य के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने रविवार को जहाँ असंतुष्टों पर सरकार को अपदस्थ करने का आरोप लगाया वहीं केंद्रीय नेतृत्व को उम्मीद जताई कि नेतृत्व परिवर्तन की जरूरत नहीं पड़ेगी।

येदियुरप्पा ने आरोप लगाया कि उनकी सरकार को उस समय अपदस्थ करने की कोशिश की जा रही है, जब प्रदेश बाढ़ की आपदा का सामना कर रहा है। वहीं विपक्षी खेमे का नेतृत्व कर रहे बेल्लारी के रेड्डी बंधुओं ने येदियुरप्पा पर लोगों को धोखा देने का आरोप लगाया।

कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा के प्रतिनिधियों ने भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व से आज राष्ट्रीय राजधानी में मुलाकात की। मुलाकात के बाद प्रतिपिधियों ने दावा किया कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने आश्वस्त कराया कि येदियुरप्पा को पद से नहीं हटाया जाएगा।

प्रदेश में सरकार पर मंडराते संकट को दूर करने के लिए केंद्रीय नेतृत्व की पहल के बीच दोनों पक्षों के बीच वाकयुद्ध जारी है।

दक्षिण भारत में पहली बार अपने बूते बनी सरकार बचाने की जी-तोड़ कोशिश में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं लालकृष्ण आडवाणी, राजनाथसिंह, अरुण जेटली, सुषमा स्वराज आदि ने आज कर्नाटक के प्रमुख नेताओं से अलग-अलग बातचीत की।

कर्नाटक मामलों के प्रभारी भाजपा महासचिव अनंत कुमार ने यहाँ भरोसा दिलाया कि राज्य में नेतृत्व परिवर्तन की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। कर्नाटक सरकार के विशेष प्रतिनिधि धनंजय कुमार ने भी यही उम्मीद जताई।

येदियुरप्पा के दूत के तौर पर आए पूर्व सांसद धनंजय कुमार ने कहा कि हमने आडवाणी, सिंह और सुषमा स्वराज से मुलाकात की। इन सभी का यही मत था कि कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन नहीं किया जाएगा। धनंजय कुमार ने कहा कि अन्य पक्ष (असंतुष्ट नेता) को कुछ भी शिकायत हो, उनकी बात सुनने और फिर एक सौहार्दपूर्ण हल ढूँढ़ने के लिए नेतृत्व का नजरिया खुला है। कर्नाटक के गृह मंत्री वीएस आचार्य ने आडवाणी से उनके निवास पर मुलाकात की। इस अवसर पर सुषमा और जेटली भी मौजूद थे।

उधर, कर्नाटक विधानसभा अध्यक्ष जगदीश शेट्टर ने जेटली और अनंत कुमार से भी मुलाकात की, जिन्हें असंतुष्ट खेमा येदियुरप्पा के विकल्प के रूप में पेश कर रहा है। शेट्टर बेल्लारी बंधु जनार्दन रेड्डी और जी. करुणाकर रेड्डी के नेतृत्व वाले असंतुष्ट नेताओं का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।

अनंत कुमार के निवास पर शेट्टर और अचारी, दोनों से बातचीत की गई जिस दौरान जेटली भी मौजूद थे। दबदबा रखने वाले लिंगायत समुदाय का येदियुरप्पा की ही तरह प्रतिनिधित्व करने वाले शेट्टर की मुख्यमंत्री पद पर दावेदारी का बेल्लारी के रेड्डी बंधु समर्थन कर रहे हैं।

अनंत कुमार ने कहा है कि भाजपा पार्टी की रूपरेखा के भीतर संकट का सौहार्दपूर्ण समाधान निकालेगी। इस बीच, कर्नाटक के मुख्यमंत्री येदियुरप्पा ने अपने रूख में थोड़ी नरमी लाने का संकेत दिया है।

येदियुरप्पा के खिलाफ बगावत का झंडा बुलंद करने वाले रेड्डी बंधुओं को कल राष्ट्रीय राजधानी में तलब किया गया है। केंद्रीय नेतृत्व ने चार नवंबर को येदियुरप्पा को भी बुलाया है।

प्रदेश के असंतुष्ट मंत्रियों के. रेड्डी, जनार्धन रेड्डी और श्रीरामालू के नेतृत्व में बागियों से मेलमिलाप का संकेत देने के एक दिन बाद येदीयुरप्पा ने कहा कि कुछ राजनीतिज्ञ कुर्सी के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि संकट के इस समय में जब बाढ़ के कारण लाखों लोग बेघर हो गए हैं और कष्ट झेल रहे हैं, उस समय कुछ राजनीतिज्ञ सरकार को अस्थिर करने का प्रयास कर रहे हैं, जिससे कोई लाभ नहीं होने वाला है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ये राजनीतिज्ञ कुर्सी के लिए लड़ रहे हैं। राज्य के हित का कोई खयाल नहीं है। मैं ऐसा नहीं होने दूँगा। कन्नड़ फिल्मों के सिरमौर राजकुमार की याद में पाँच रुपए का डाक टिकट जारी करते हुए येदियुरप्पा ने कहा कि वे कुर्सी के लिए नहीं संघर्ष कर रहे हैं।

असंतुष्ट खेमे पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें ऐसा माहौल नहीं पैदा करना चाहिए कि लोगों के सामने सिर झुकाना पड़े। गौरतलब है कि अधिकांश विधायक अभी हैदराबाद एवं गोवा में हैं।

येदियुरप्पा ने कहा कि हमें बाढ़ के संकट का मिलजुलकर सामना करने की जरूरत है। उन्होंने संकट की इस घड़ी में लोगों से एकजुट होने की अपील की। बहरहाल, दिल्ली में येदियुरप्पा के दूत ने पार्टी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी से मुलाकात की और संकट से जुड़े घटनाक्रम से उन्हें अवगत कराया।