गुरुवार, 28 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. राष्ट्रीय
Written By भाषा

इटली की धोखेबाजी पर बोले मनमोहन

इटली की धोखेबाजी पर बोले मनमोहन -
FILE
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने इटली द्वारा उसके दो मरीन (नौसैनिक) भारत को सौंपने से इनकार किए जाने को अस्वीकार्य बताते हुए कहा कि इस मसले पर इटली के साथ बात की जाएगी।

वाम दलों और कांग्रेस के केरल से ताल्लुक रखने वाले सांसदों के साथ अलग अलग मुलाकात के दौरान सिंह ने उन्हें यह बताया। ये सांसद अपनी नाराजगी व्यक्त करने और सिंह से इस गंभीर मसले में हस्तक्षेप की मांग करने के लिए उनसे मिले थे।

माकपा सांसद के एन बालगोपाल और एमबी राजेश के मुताबिक प्रधानमंत्री ने कहा कि यह अस्वीकार्य है। सिंह ने वाम दलों के सांसदों से कहा कि वह विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद से कहेंगे कि वह यह मुद्दा इटली के साथ उठाएं।

इतालवी विदेश मंत्रालय के बयान के परिप्रेक्ष्य में सिंह की यह टिप्पणी आई। इटली ने कहा है कि दोनों मरीन भारत नहीं लौटेंगे।

दोनों मरीन ने पिछले साल फरवरी में केरल में समुद्र तट के निकट दो मछुआरों की कथित रूप से गोली मारकर हत्या कर दी थी। इटली का दावा है कि भारत ने उसके इस आग्रह का जवाब नहीं दिया, जिसमें उसने कहा था कि इस मामले का राजनयिक समाधान निकाला जाए।

खुर्शीद ने कहा कि सरकार इटली के फैसले, उसकी दलीलों और प्रभावों का अध्ययन कर रही है। उन्होंने कहा कि हम मामले का अध्ययन कर सही कदम उठाएंगे।

राजेश ने बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री से मुलाकात कर इतालवी मरीन का मुद्दा उठाया। प्रधानमंत्री ने हमें बताया कि उन्हें अखबारों के जरिए इस मुद्दे की जानकारी लगी। उन्होंने आश्वासन दिया है कि वह विदेश मंत्री से इस मसले में हस्तक्षेप करने को कहेंगे। (भाषा)