बुधवार, 24 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. राष्ट्रीय
Written By भाषा

'आप' कार्यकर्ताओं ने किया केजरीवाल के खिलाफ प्रदर्शन

''आप'' कार्यकर्ताओं ने किया केजरीवाल के खिलाफ प्रदर्शन -
FILE
हिसार (हरियाणा)। हिसार की लोकसभा सीट पर पूर्व प्रशासनिक अधिकारी युधवीर सिंह खयालिया को पार्टी टिकट दिए जाने से असंतुष्ट आम आदमी पार्टी (आप) के कई कार्यकर्ताओं ने पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।

पार्टी द्वारा गुरुवार को दिन में आम चुनाव के लिए 30 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी किए जाने के बाद शाम को पार्टी कार्यकर्ताओं ने 'आप' नेताओं मनीष सिसोदिया, योगेंद्र यादव और केजरीवाल के पोस्टर जलाए। हिसार और भिवानी केजरीवाल के गृह जिले हैं।

'आप' कार्यकर्ता गुरुवार को ऋषि नगर स्थित पार्टी कार्यालय के बाहर इकट्ठा हुए और उन्होंने पार्टी और उसके नेताओं के खिलाफ अपनी असहमति जताते हुए नारे लगाए। ये लोग हाल ही में पार्टी में शामिल हुए खयालिया को पार्टी टिकट देने का विरोध कर रहे थे।

उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी आलाकमान पार्टी के पुराने नेताओं और कार्यकर्ताओं को नजरअंदाज कर रहे हैं। उन्होंने खयालिया को पार्टी टिकट देने के खिलाफ शिकायत दर्ज कराकर इस टिकट को रद्द करने की मांग की। कार्यकर्ताओं ने यह भी कहा कि इन चुनावों में वे खयालिया का विरोध करेंगे।

खयालिया 9 फरवरी को हिसार मंडल के आयुक्त पद से इस्तीफा देने के बाद 'आप' में शामिल हो गए थे। (भाषा)