गुरुवार, 25 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. लाइफ स्‍टाइल
  2. »
  3. रोमांस
  4. »
  5. प्रेम गुरु
  6. कैसा जीवनसाथी चाहते हैं आज के युवा
Written By WD

कैसा जीवनसाथी चाहते हैं आज के युवा

संयुक्त परिवार बन रहे हैं युवाओं की पसंद

Romance | कैसा जीवनसाथी चाहते हैं आज के युवा
ND
स्वप्ना कुमार

शादी, जीवन का सबसे महत्वपूर्ण निर्णय, दो दिलों का मेल। पहले समय था जब माता-पिता ही अपने बच्चों के लिए जीवनसाथी ढूंढ लिया करते थे लेकिन बदलते समय के साथ समाज में कई परिवर्तन हुए हैं और शाद‍ी के निर्णय में युवाओं की इच्छा अहम हो गई है।

इसी के मद्देनजर आज कई मेट्रीमोनियल साइट्स अस्तित्व में हैं जो युवाओं को उनकी इच्छानुसार भावी जीवनसाथी ढूंढने में मदद करती हैं।

हर इंसान अपनी शादी के सपने संजोता है, अपने मन में जीवनसाथी की एक रूपरेखा बना लेता है उसी के अनुरूप वह अपने जीवनसाथी को ढूंढता है। हाल ही में एक मेट्रीमोनियल साइट द्वारा एक ऑनलाइन सर्वे किया गया।

चार महीने चले इस सर्वे का उद्देश्य यह पता लगाना था कि आज के युवा अपने जीवनसाथी में किन खूबियों को चाहते हैं।

सर्वे के अनुसार 60 प्रतिशत लड़कियां ऐसे घर में शादी करना चाहतीं हैं जहां उनके जीवनसाथी का कोई भाई-बहन हो वहीं दूसरी तरफ 56 प्रतिशत लड़के, यदि उनके जीवनसाथी का कोई भाई-बहन न भी हो तब भी शादी करने के लिए तैयार हैं।

ND
सर्वे के अनुसार ही 50 प्रतिशत लड़के और 52 प्रतिशत लड़कियों का मानना है यदि उनके जीवनसाथी उनके भावी रिश्तेदारों के साथ नहीं भी रहते तब भी वे शादी करने के लिए राजी हैं।

काम के बढ़ते भार के कारण ज्यादा से ज्यादा युवा एकल परिवार की अपेक्षा संयुक्त परिवार में रहना चाहते हैं। 54 प्रतिशत लड़कियां और 53 प्रतिशत लड़के संयुक्त परिवार में रहना चाहते हैं।

केवल 21 प्रतिशत लड़कियां और 14 प्रतिशत लड़के एकल परिवार में रहने के इच्छुक हैं और 33 प्रतिशत लड़कियों ने इस ‍बारे में ‍कुछ नहीं सोचा है।

शादी से पहले लड़के-लड़कियों के न मिलने का चलन बहुत पुराना हो चला है। अब तो शादी से पहले एक-दूसरे को जानना जरूरी समझा जाने लगा है। 85 प्रतिशत लड़कियां और 76 प्रतिशत लड़के इस बात से सहमत पाए गए।

अधिकांश लड़के अपने से ज्यादा पढ़ी-लिखी लड़की से शादी करना पसंद नहीं करते या तो वे अपने बराबर या अपने से कम पढ़ी-लिखी लड़की चाहते हैं।

ND
सर्वे के अनुसार 62 प्रतिशत लड़के ऐसा जीवनसाथी चाहते हैं जो उनके बराबर ही साक्षर हो, 28 प्रतिशत चाहते हैं कि उनसे कम साक्षर हो और केवल 10 प्रतिशत लड़के ऐसे हैं जिन्हें इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता कि उनकी लाइफ पार्टनर उनसे ज्यादा पढ़ी लिखी हो।

वहीं दूसरी तरफ 69 प्रतिशत लड़कियां चाहती हैं कि उनके पति उनसे ज्यादा पढ़े-लिखे हों, 26 प्रतिशत चाहती हैं कि उनके बराबर पढ़े-लिखे हों और सिर्फ 5 प्रतिशत चाहती हैं कि वे अपने पति से ज्यादा पढ़ी-लिखीं हों।