बुधवार, 24 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. सामयिक
  2. »
  3. डॉयचे वेले
  4. »
  5. डॉयचे वेले समाचार
  6. शिखर पर नेपाल की बेटी
Written By DW
Last Modified: मंगलवार, 26 फ़रवरी 2013 (17:57 IST)

शिखर पर नेपाल की बेटी

Nepali Mountaineers Chhurim Sherpa | शिखर पर नेपाल की बेटी
FILE
दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट पर एक हफ्ते के भीतर दो बार चढ़ाई करना। असंभव सा लगने वाला यह करनामा नेपाल की छुरिम शेरपा ने कर दिखाया है। छुरिम ऐसा करने वाली पहली महिला बनीं।

गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने 29 साल की छुरिम शेरपा के रिकॉर्ड की पुष्टि कर दी है। छुरिम ने बीते साल 12 मई को भी एवरेस्ट की चोटी पर थी और 19 मई को भी। तथ्यों जांच के बाद छुरिम का दावा सही माना गया। माउंट एवरेस्ट की ऊंचाई 8,850 मीटर है।

रिकॉर्ड की पुष्टि होने के बाद छुरिम ने कहा, 'यह मेरे लिए एक बड़ी पहचान है।' वैसे कम ही पर्वतारोही इस युवा महिला को छुरिम नाम से जानते हैं, ज्यादातर लोग उन्हें शेरपा कहकर ही पुकारते हैं।

उत्तरपूर्वी नेपाल के सोलुखुंबू इलाके की रहने वाली छुरिम बीते साल माउंट एवरेस्ट से नीचे बेस कैंप पर आईं। कुछ दिन आराम करने के बाद वह फिर माउंट एवरेस्ट पर चढ़ीं। ठीक सातवें दिन छुरिम फिर एवरेस्ट की चोटी पर थी।

उस अनुभव को याद करते हुए वह कहती हैं, 'दूसरी बार चढ़ना मुश्किल और कठिन था। लेकिन जब मैं फिर चोटी पर पहुंची तो सब बढ़िया हो गया। मैं बहुत खुश हूं क्योंकि जो मैं हमेशा से करना चाहती थी, वो मैंने कर ही दिया।'

मुश्किलों का जिक्र करते हुए वह कहती हैं, 'मेरी जैसी महिलाओं के लिए एवरेस्ट पर चढ़ना बहुत कठिन होता है, वहां शौचालय भी नहीं होते। हम पांच लोगों को एक ही टेंट में रहना पड़ा।'

नेपाल में माउंट एवरेस्ट को सगरमाथा कहा जाता है। हिमालय की इस चोटी पर अब तक 4,000 पर्वतारोही चढ़ चुके हैं। वहां पहुंचने की ख्वाहिश में 200 से ज्यादा पर्वतारोही मारे जा चुके हैं। इनमें से कई के शव आज तक नहीं मिले।

माउंट एवरेस्ट पर पहली बार 1953 में न्यूजीलैंड के सर एडमंड हिलैरी और नेपाल के तेनजिंग शेरपा चढ़े थे। अब तक सबसे ज्यादा बार माउंट एवरेस्ट पर चढ़ने का रिकॉर्ड नेपाल के अप्पा शेरपा के नाम है। फिलहाल अमेरिका में रहने वाले अप्पा अब तक 21 बार दुनिया की सबसे ऊंची चोटी पर फतह कर चुके हैं।

- ओएसजे/ एएम (रॉयटर्स, एपी)