शुक्रवार, 29 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. »
  3. क्रिकेट
  4. »
  5. समाचार
  6. सुपर किंग्स धोनी के बिना दक्षिण अफ्रीका रवाना
Written By भाषा

सुपर किंग्स धोनी के बिना दक्षिण अफ्रीका रवाना

Superkings depart to SA minus Dhoni | सुपर किंग्स धोनी के बिना दक्षिण अफ्रीका रवाना
चेन्नई सुपर किंग्स टीम कप्तान महेंद्रसिंह धोनी के बिना इंडियन प्रीमियर लीग के दूसरे सत्र में भाग लेने के लिए दक्षिण अफ्रीका रवाना हो गई।

सुपर किंग्स टीम भगवान अय्यप्पा के जन्मदिन पर अमीरात एयरलाइंस की उड़ान से सुबह पौने दस बजे दुबई के रास्ते जोहान्सबर्ग रवाना हुई।

न्यूजीलैंड से लौटे धोनी के अलावा मध्यम तेज गेंदबाज लक्ष्मीपति बालाजी, सलामी बल्लेबाज मुरली विजय और कुछ विदेशी खिलाड़ी बाद में वहाँ पहुँचेंगे। इनमें कोच, सह खिलाड़ी स्टीफन फ्लेमिंग, मैथ्यू हेडन और जार्ज बेली शामिल हैं।

जोहान्सबर्ग से टीम डरबन जाएगी जहाँ उसका बेस कैम्प होगा। तमिलनाडु क्रिकेट संघ के सचिव कासी विश्वनाथन ने बताया कि टीम इस बार खिताब जीतने के इरादे से गई है।

उन्होंने कहा कि हम पूरी तरह से तैयार हैं। हम इस बार खिताब जीतकर ही दम लेंगे जो पिछली बार चूक गए थे।

सुपर किंग्स टीम डरबन में 10 से 15 अप्रैल तक अभ्यास शिविर में भाग लेगी जिसके तहत स्थानीय टीमों के खिलाफ कुछ अभ्यास मैच भी खेले जाएँगे। इसके बाद केपटाउन में मुंबई इंडियंस के खिलाफ 18 अप्रैल को अपना पहला मैच खेलेगी।

धोनी, इंग्लैंड के हरफनमौला एंड्रयू फ्लिंटॉफ और न्यूजीलैंड के जैकब ओरम 15 अप्रैल को केपटाउन पहुँचेंगे। विश्वनाथन ने कहा कि धोनी टीम इंडिया के साथ न्यूजीलैंड से आज लौट रहे हैं। उन्हें कुछ आराम की जरूरत होगी। वे, फ्लिंटॉफ और ओरम 15 अप्रैल को केपटाउन पहुँचेंगे।