बुधवार, 24 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. »
  3. क्रिकेट
  4. »
  5. समाचार
Written By भाषा

भारत ट्‍वेंटी-20 विश्व कप के फाइनल में

डरबन में 'चक दे इंडिया', फाइनल में पाक से जंग

भारत ट्‍वेंटी-20 विश्व कप के फाइनल में -
'मैन ऑफ द मैच' युवराजसिंह की एक और तूफानी पारी तथा एस. श्रीसंथ और हरभजन सिंह की बेहद कसी हुई गेंदबाजी के दम पर भारत ने आज यहाँ विश्व चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को 15 रन से हराकर ट्वेंटी-20 विश्वकप फाइनल में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से एक जोरदार मुकाबले की नींव रखी। फाइनजोहानसबर्में 24 सितम्बर को भारतीय समयानुसार शाम 5.30 बजे से खेला जाएगा।

'सिक्सर किंग' युवराज ने फिर छक्कों की झड़ी लगाते हुए 30 गेंद पर 70 रन बनाए, जिसकी बदौलत भारत ने पाँच विकेट पर 188 रन का शानदार स्कोर खड़ा किया। इसमें रॉबिन उथप्पा (34) और कप्तान महेंद्रसिंह धोनी (36) ने भी उपयोगी योगदान दिया।

इसके बाद श्रीसंथ और हरभजन ने विषम परिस्थितियों में कसी हुई गेंदबाजी की तथा मैथ्यू हैडन के 62 और एंड्रयू साइमंड्स के 43 रन की पारी के बावजूद ऑस्ट्रेलियाई टीम सात विकेट पर 173 रन ही बना पाई।

भारतीयों ने आखिरी गेंद तक अपने जुझारूपन का शानदार नमूना पेश किया। जिस समय हैडन और साइमंड्स खेल रहे थे, ऑस्ट्रेलिया का पलड़ा भारी लग रहा था। ऑस्ट्रेलिया को आखिरी तीन ओवर में 30 रन चाहिए थे, लेकिन हरभजन ने अपने अगले ओवर में तीन और फिर आरपी सिंह ने पाँच रन देकर उसकी मुश्किल बढ़ा दी। स्थिति यह बनी क‍ि आखिरी ओवर में उसे 22 रन की दरकार थी।

कप्तान धोनी ने आखिरी छह गेंद फेंकने के लिए हरियाणवी जोगिंदर शर्मा पर भरोसा किया, जिनके हाथों में भारत का भाग्य था। रेलवे के इस गेंदबाज ने निराश नहीं किया और इस ओवर में दो विकेट लेकर ऑस्ट्रेलियाई ताबूत में आखिरी कील ठोंक दी। इस जीत से भारत ने 2003 विश्वकप के फाइनल की हार का बदला भी चुकता कर लिया।

इस जीत के नायक युवराजसिंह रहे, जिन्होंने इंग्लैंड के स्टुअर्ट ब्रॉड के एक ओवर में छह छक्के जमाकर विश्व कीर्तिमान बनाया था। कोहनी के दर्द के कारण पिछले मैच में न खेलने वाले युवराज ने पाँच चौके और इतने ही छक्के लगाए, जिसमें ब्रेट ली पर लगाया गया टूर्नामेंट का सबसे लंबा छक्का (119 मीटर) भी शामिल है।

इसके बाद श्रीसंथ की बारी थी, जिन्होंने अपने पहले तीन ओवर में केवल छह रन देकर एडम गिलक्रिस्ट (22) का कीमती विकेट लिया, जो दूसरे छोर पर आरपी सिंह पर हावी थे। गिलक्रिस्ट ने आरपी सिंह के दूसरे ओवर में मिडविकेट पर छक्का जड़ने के बाद इसी गेंदबाज के अगले ओवर में चौका और फिर छक्का लगाया था। यह ओवर काफी महँगा साबित हुआ जिसमें 17 रन बने।

श्रीसंथ ने हालाँकि अपने अगले ओवर में एक फुल लेंग्थ गेंद पर गिलक्रिस्ट की गिल्लियाँ उखाड़ दीं। जोगिंदर का पहला ओवर भी महँगा साबित हुआ और उसमें 18 रन बने, जिसमें हैडन और ब्रैड हाज का एक-एक छक्का भी शामिल है। जोगिंदर ने इरफान पठान के अगले ओवर में शार्ट फाइनलेग पर हाज (11) का कैच लेकर बदला चुकता किया।

हेडन और साइमंड्स हालाँकि हावी थे। पठान के तीसरे ओवर में साइमंड्स ने कवर जबकि हैडन ने लांग ऑन पर लंबा छक्का लगाया। धोनी का वीरेंद्र सहवाग को गेंद सौंपने का जुआ नहीं चला और हेडन ने लांग ऑन पर दो छक्के जमाकर इस ओवर में 20 रन बटोरे।

ऐसे में भारत का एकमात्र सहारा श्रीसंथ बच गए थे, जिन्होंने अपनी एक फुललेंग्थ गेंद पर हैडन के स्टम्पस बिखेरकर कप्तान और देशवासियों को निराश नहीं किया। हैडन ने 47 गेंद पर 62 रन बनाए, जिसमें चार चौके और इतने ही छक्के शामिल हैं।

पठान ने साइमंड्स को बोल्ड करके भारत की आशाएँ जगा दीं। तब ऑस्ट्रेलिया को 20 गेंद पर 33 रन की दरकार थी। साइमंड्स ने 26 गेंद का सामना किया तथा तीन चौके और दो छक्के लगाए। जोगिंदर ने अपने अंतिम ओवर में माइकल हस्सी और ब्रेट ली के विकेट निकाले।

ऑन लाइन स्कोर कार्ड
पाकिस्तान 6 विकेट से विजयी
अफरीदी सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी की दौड़ में
ईएसपीएन-स्टार की रेटिंग बढ़ी
भारतीय टीम की चित्रमय झलकियाँ

इससे पहले टॉ स जीतने के बाद बल्लेबाजी करते हुए भारत का स्कोर आठवें ओवर तक दो विकेट पर 41 रन था। युवराज ने यहीं से उथप्पा के साथ तीसरे विकेट के लिये 84 रन की भागीदारी की।

इंग्लैंड के खिलाफ 12 गेंद पर अर्धशतक जमाने वाले युवराज ने 20 गेंद पर 50 रन पूरा करके ट्वेंटी-20 में दूसरा सबसे तेज अर्धशतक भी अपने नाम लिखाया।

गौतम गंभीर (24) और सहवाग (9) ने हालाँकि टीम को अपेक्षानुरूप शुरुआत नहीं दी। पहले ओवर में ही सहवाग की जांघ की माँसपेशियों में खिंचाव आ गया जिससे उन्हें रनर लेकर खेलना पड़ा।

गंभीर ने चौथे ओवर में नाथन ब्रैकन पर भी दो चौके जबकि सहवाग ने मिशेल जानसन की पहली गेंद पर चौका जमाने के बाद अगली गेंद पर अपना विकेट भेंट कर दिया। उथप्पा को आते ही माइकल क्लार्क ने जीवनदान दिया लेकिन जानसन ने अपने अगले ओवर में गंभीर को पवेलियन भेज दिया।

युवराज ने यहीं पर क्रीज पर कदम रखा और आते ही क्लार्क की गेंद डीप स्क्वेयर लेग पर छह रन के लिए भेजी और फिर ली के अगले ओवर में टूर्नामेंट का सबसे लंबा छक्का जमाया।

साइमंड्स के पहले ओवर 19 रन बने जिसमें युवराज और उथप्पा का एक-एक छक्का शामिल है। इसके बाद स्टुअर्ट क्लार्क की बारी थी जिनके ओवर में 21 रन बने। युवराज को इस ओवर में हालाँकि हाज और मैथ्यू हैडन ने जीवनदान भी दिए। युवराज ने इसी ओवर में छक्का जमाकर अपना अर्धशतक पूरा किया।

जॉनसन जब दूसरा स्पेल करने आए तो उथप्पा ने लगातार दो छक्के जमाकर उनका स्वागत किया। हालाँकि अगली गेंद पर वह रन आउट हो गये। उनका स्थान लेने उतरे धोनी ने साइमंड्स पर लगातार दो चौके जमाकर अपने हाथ खोले।

ऑस्ट्रेलियाई कप्तान गिलक्रिस्ट ने यहीं पर जुआ खेला और माइकल क्लार्क को गेंद सौंपी जिनकी पहली गेंद पर युवराज ने मिडविकेट पर छक्का जड़ा लेकिन दूसरी गेंद पर वह सीमा रेखा पर हस्सी को कैच दे गये। ब्रैकन जब 19वें ओवर करने आए तो धोनी ने मिडविकेट और रोहित ने लांग ऑन पर छक्का जमाया। भारत 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 188 रन का विशाल स्कोर खड़ा करने में सफल रहा।