मंगलवार, 23 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. »
  3. क्रिकेट
  4. »
  5. समाचार
Written By WD

छुपे रुस्तम साबित हुए रोहित शर्मा

वेबदुनिया डेस्क

छुपे रुस्तम साबित हुए रोहित शर्मा -
रोहित शर्मा जब खराब फॉर्म के बाद भी भारतीय टीम में अपनी जगह बचाए रखने में सफल रहते तो उन्हें 'ओब्लाइज़्ड क्रिकेटर' पुकारा जाने लगा। ऐसा कई बार हुआ कि रोहित को कमजोर फॉर्म के बाद एक के बाद एक मौके मिलते गए और कई बार वे परफॉर्म नहीं कर पाए, लेकिन परिस्थिति बदलने के कारण मुंबई इंडियंस के कप्तान बनाए गए रोहित शर्मा ने आईपीएल-6 खिताब जीतकर उन सभी लोगों को गलत साबित कर दिया जो उन्हें कम आंक रहे थे।

FILE
प्रतिभा को अवसर की तलाश होती है और यह अवसर रोहित को तब मिला, जब मुंबई इंडियंस की टीम में बतौर कप्तान रिकी पोंटिंग खराब फॉर्म से गुजर रहे थे। टीम मैनेजेमंट ने अपना फैसला बदल कर टीम की कमान रोहित को सौंप दी और रोहित ने रिलायंस इंडस्ट्रीज़ के स्वामित्व वाली इस टीम को आईपीएल-6 का चैंपियन बनाकर टीम की किस्मत ही पलट दी।

मुंबई इंडियंस बेहद मजबूत टीम है और इसकी कप्तानी करना आसान नहीं, क्योंकि एक से बढ़कर एक दिग्गज खिलाड़ी इसमें मौजूद हैं। मुंबई इंडियंस आईपीएल इतिहास की सबसे ज्यादा कप्तान बदलने वाली टीम है। लेकिन टीम की किस्मत बदली रोहित शर्मा ने और कम से कम टीम मैनेजमेंट को यह सुकुन तो दे दिया कि उन्हें अभी कुछ और सीज़न में कप्तान बदलने की जरूरत नहीं है।

क्या बदलावा किए रोहित ने टीम में जिससे मुंबई इंडियंस बनी चैंपियन। अगले पन्ने पर।


रोहित ने सबसे पहले मुंबई के सबसे बड़े हिटर किरोन पोलार्ड की टीम में भूमिका बदली। पहले पोलार्ड काफी नीचे बल्लेबाजी करने आते थे। रोहित ने कई मैचों में उन्हें ऊपरी क्रम में बल्लेबाजी करने का मौका दिया, जिसके अच्छे परिणाम रहे। मुबंई इंडियंस के पूर्व सभी कप्तान पोलार्ड का सही उपयोग करने में असफल रहे थे, लेकिन रोहित ने पोलार्ड को उनकी प्रतिभा के मुताबिक मौके दिए।

FILE
रोहित शर्मा ने आईपीएल के पहले तीन सीज़न डेक्कन चार्जर्स की तरफ से खेले थे और तब उनके कप्तान एडम गिलक्रिस्ट थे। गिलक्रिस्ट ने तब कहा था कि वे रोहित में कप्तानी के गुण कूट कूट कर भरे हैं और जब रोहित को यह मौका मिला तो उन्होंने गिली की बातों को सही साबित कर दिया। रोहित ने खुद आगे बढ़कर बेहतरीन बल्लेबाजी की और टीम के लिए उदाहरण पेश करते हुए टीम का नेतृत्व किया।

सचिन तेंदुलकर के फैन तो सभी हैं, लेकिन सचिन खुद रोहित की बल्लेबाजी के कायल हैं और मास्टर ब्लास्टर ने एक सवाल के जवाब में कहा भी था कि रोहित भारत के सबसे प्रतिभावान क्रिकेटरों में से एक हैं। रोहित ने मुंबई इंडियंस को आईपीएल-6 में चैंपियन बनवाकर साबित कर दिया कि वे छुपे रुस्तम हैं।