मंगलवार, 23 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. »
  3. क्रिकेट
  4. »
  5. समाचार
Written By भाषा
Last Modified: चंडीगढ़ , शुक्रवार, 28 जून 2013 (23:00 IST)

क्रिकेटर गोनी ने दी मां को धमकी

क्रिकेटर गोनी ने दी मां को धमकी -
FILE
चंडीगढ़। क्रिकेटर मनप्रीतसिंह गोनी की मां ने अपने बेटे पर आरोप लगाया कि उसने एक विवादित संपत्ति को लेकर उसे जान से मारने की धमकी दी है

सत्तर साल की मोहिंदर कौर ने यहां एक प्रेस कॉन्‍फ्रेंस में अपने बेटे मनप्रीत पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, यदि मुझे आज कुछ हो जाता है तो इसके लिए गोनी जिम्मेदार होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस के सामने वह कई बार अपना पक्ष रख चुकी है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई।

उन्होंने कहा, गोनी अपनी पत्नी, बड़े भाई और उसकी पत्नी की मदद से मुझे परेशान कर रहा है। इसमें मेरे पति भी उनके साथ हैं। कौर ने कहा कि उनका बेटा भी कई बार उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने को तैयार रहने की चेतावनी दे चुका है। उन्होंने गोनी, उसके भाई मनमोहन सिंह और उसकी पत्नी अमनदीप कौर और उनके पिता सरवन सिंह पर उन्हें जान से मारने की कोशिश करने का आरोप लगाया।

उन्होंने पुलिस को दी लिखित शिकायत में कहा, मैं वरिष्ठ नागरिक हूं और अपने ही रिश्तेदारों से नाइंसाफी झेल रही हूं। मुझ पर संपत्ति का हिस्सा गोनी को देने के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा है। गोनी उनके तीन बेटों में सबसे छोटा है। एक भाई विदेश में बसा है।

इस बीच गोनी ने इन तमाम आरोपों को बेबुनियाद बताया। उन्होंने कहा, मैं छह साल पहले अपने परिवार से अलग हो गया था। उसके बाद से मेरा उनसे कोई सरोकार नहीं है। पुलिस ने कहा कि वह तथ्यों की पुष्टि और मामले की जांच कर रही है। (भाषा)