गुरुवार, 18 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. »
  3. क्रिकेट
  4. »
  5. समाचार
Written By भाषा
Last Modified: लंदन , रविवार, 30 जून 2013 (21:03 IST)

आईसीसी महिला समिति की प्रमुख कार्यक्रम से खुश

आईसीसी महिला समिति की प्रमुख कार्यक्रम से खुश -
FC
लंदन। आईसीसी महिला समिति की अध्यक्ष क्लेरी कोनोर ने 2016 से 2023 के बीच छह वैश्विक महिला टूर्नामेंटों को मंजूरी मिलने पर खुशी जताई है

आईसीसी के कार्यक्रम के अनुसार इस दौरान दो आईसीसी महिला विश्व कप और चार आईसीसी विश्व टी20 चैंपियनशिप आयोजित किए जाएंगे। इनमें 2016 में भारत और 2020 में ऑस्ट्रेलिया में पुरुषों के साथ संयुक्त विश्व टी20 टूर्नामेंट भी शामिल है।

इसके अलावा 2018 में वेस्टइंडीज और 2022 में दक्षिण अफ्रीका में महिलाओं की टी20 चैंपियनशिप आयोजित की जाएगी। कोनोर ने कहा, ‘मैं 2023 तक महिला टूर्नामेंट के कार्यक्रमों से खुश हूं। यह महिला क्रिकेट के लिए बहुत अच्छा है।’

उन्होंने कहा, ‘कार्यक्रम को लेकर हुए समझौते में महिला प्रतियोगिताओं को निर्धारित समय में आयोजित करना शामिल है जिससे पता चलता है कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद महिला क्रिकेट को लेकर कितनी गंभीर है।’

महिला क्रिकेट के लिए एक और अच्छी खबर यह है कि इंटरनेशनल डेवलेपमेंट बोर्ड (आईडीबी) बांग्लादेश में 2014 में होने वाले आईसीसी महिला विश्व टी20 में टीमों की संख्या बढ़ाकर दस करने पर सहमत हो गया है।

इसका मतलब है कि ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, इंग्लैंड, भारत, न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज के अलावा आयरलैंड के डब्लिन में 23 से 31 जुलाई के बीच होने वाले आईसीसी महिला विश्व टी20 क्वालीफायर 2013 में चोटी पर रहने वाली तीन टीमें 16 मार्च से 6 अप्रैल 2014 के बीच होने वाली विश्व टी20 चैंपियनशिप में जगह बनाएंगी।

आईसीसी महिला क्रिकेट के लिए 2016 से 2023 तक जिन प्रमुख वैश्विक प्रतियोगिताओं का आयोजन करेगा उनकी सूची इस प्रकार है -

1. आईसीसी विश्व टी20 चैंपियनशिप 2016 में (पुरुष और महिलाओं की एक साथ) भारत में।
2. आईसीसी महिला विश्व कप 2017, इंग्लैंड में
3. आईसीसी महिला विश्व टी20 चैंपियनशिप 2018, वेस्टइंडीज में
4. आईसीसी विश्व टी20 चैंपियनशिप 2020 (पुरुष और महिलाओं की एक साथ) ऑस्ट्रेलिया में।
5. आईसीसी महिला विश्व कप 2021, न्यूजीलैंड में
6. आईसीसी महिला विश्व टी20 चैंपियनशिप 2022, दक्षिण अफ्रीका में।
(भाषा)