बुधवार, 24 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. व्यापार
  4. »
  5. समाचार
Written By भाषा

वित्तपोषण की क्षमता प्रभावित होगी-सिंह

वित्तपोषण की क्षमता प्रभावित होगी-सिंह -
अमेरिकी वित्तीय उथल-पुथल से भारत के अछूता नहीं रहने की ओर संकेत करते हुए प्रधानमंत्री मनमोहनसिंह ने कहा कि अगर प्रमुख अर्थव्यवस्थाएँ मंदी की चपेट में आती हैं तो भारत की विकास के लिए वित्तपोषण करने की क्षमता प्रभावित होने के साथ निर्यात भी प्रभावित होगा।

एक साक्षात्कार में दो दिन के फ्रांस दौरे पर गए सिंह ने कहा कि फिलहाल संकट विकसित देशों को प्रभावित कर रहा है, जो बाकी दुनिया में भी फैल सकता है। उन्होंने कहा कि समाधान खोजने के लिए भारत और चीन को भी साथ लिया जाना चाहिए।

प्रधानमंत्री सिंह ने कहा कि हम पारस्परिक रूप से निर्भर दुनिया में रह रहे हैं और सभी देशों का भविष्य अंतरराष्ट्रीय वित्तीय प्रणाली से संबंधित है।

उन्होंने बताया कि हमारा वैल्यू मार्केट दुनिया के प्रति खुला है और अगर यह प्रभावित होता है तो यह हमारे विकास के वित्तपोषण की क्षमता को भी प्रभावित करेगा।

उन्होंने कहा कि अगर वित्तीय संकट मुख्य अर्थव्यवस्थाओं में मंदी पैदा करता है तो इससे हमारा निर्यात भी प्रभावित होगा।

सिंह ने कहा कि राष्ट्रपति निकोलस सरकोजी की वित्तीय संकट के परिणामों की जाँच करने के लिए सम्मेलन बुलाने का प्रस्ताव जरूरी है। उन्होंने कहा कि भारत एक महत्वपूर्ण पक्ष है लेकिन कोई निर्णायक स्थिति में नहीं है।

उन्होंने कहा कि मुख्य जिम्मेदारी विकसित देशों की है लेकिन भारत और चीन को समाधान तलाशने में निश्चित तौर पर हिस्सा लेना चाहिए।