गुरुवार, 25 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. व्यापार
  4. »
  5. समाचार
Written By भाषा
Last Modified: नई दिल्ली , रविवार, 8 जनवरी 2012 (20:48 IST)

भारतीय अर्थव्यवस्था 2021 तक 2,500 अरब डॉलर

भारतीय अर्थव्यवस्था 2021 तक 2,500 अरब डॉलर -
देश का वास्तविक वार्षिक सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) 2021 तक बढ़कर 2,500 अरब डॉलर पर पहुंच जाएगा। एक अध्ययन में कहा गया है कि बचत, निवेश और प्रति व्यक्ति आय काफी तेजी से बढ़ रही है, जिससे वास्तविक जीडीपी में वृद्धि होगी। वर्तमान में देश का वास्तविक सकल घरेलू उत्पाद 1,000 अरब डॉलर है।

उद्योग मंडल पीएचडीसीसीआई ने अपने अध्ययन ‘भारतीय अर्थव्यवस्था की वृद्धि संभावनाएं : विजन 2021, ट्रिलियन डॉलर वृद्धि के अवसर’ में कहा गया है कि देश की वास्तविक प्रति व्यक्ति आय के 2021 तक वर्तमान स्तर 900 डॉलर प्रति वर्ष से दोगुना होकर 1,800 डालर पर पहुंचने का अनुमान है।

इसमें कहा गया है कि अगले कुछ साल में वास्तविक सकल घरेलू उत्पाद की रफ्तार बढ़ने की संभावना है। इसमें कहा गया है कि वास्तविक जीडीपी की वृद्धि दर 2021 तक अगले दस साल के दौरान 9.3 प्रतिशत रहेगी।

पीएचडी चैंबर के अध्यक्ष संदीप सोमानी ने कहा कि कुछ विकसित अर्थव्यवस्थाओं की रफ्तार घटने के अलावा घरेलू चुनौतियों मसलन ऊंची मुद्रास्फीति और ऊंची उधारी लागत से निकट भविष्य में वृद्धि की रफ्तार प्रभावित होगी, इसके बावजूद विश्व आर्थिक तंत्र में भारत एक प्रमुख अर्थव्यवस्था के रूप में होगा।

अध्ययन में कहा गया है कि 2021 तक थोक मूल्य सूचकांक आधारित मुद्रास्फीति की औसत दर 5 से 6 प्रतिशत के बीच रहेगी और वहीं सकल राजकोषीय घाटा जीडीपी का 3 से 4 प्रतिशत रहेगा। (भाषा)