शुक्रवार, 19 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. व्यापार
  4. »
  5. समाचार
Written By भाषा
Last Modified: नई दिल्ली , शुक्रवार, 5 अगस्त 2011 (19:17 IST)

बाहरी कारणों से गिरे शेयर बाजार: प्रणब

बाहरी कारणों से गिरे शेयर बाजार: प्रणब -
वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी ने आज कहा कि शेयर बाजारों में गिरावट का कारण अमेरिका में आर्थिक पुनरुद्धार को लेकर चिंता तथा यूरो क्षेत्र में कर्ज संकट जैसे बाह्य तत्व है। उन्होंने उम्मीद जताई कि उतार-चढ़ाव अस्थायी है तथा इसमें जल्दी ही सुधार होगा।

मुखर्जी ने कहा कि यह घरेलू मामला नहीं है। यह प्रमुख रूप से बाह्य तत्वों का नतीजा है। कारोबार के दौरान एक समय सेंसेक्स में 700 से अधिक अंक की गिरावट दर्ज की गयी और यह 17000 के नीचे आ गया। हालांकि बाद में इसमें सुधार हुआ और अंतत: यह 387 अंक की गिरावट के साथ बंद हुआ।

वित्त मंत्री ने कहा कि यह मुख्य रूप से अमेरिकी अर्थव्यवस्था के पुनरुद्धार के नरम रहने के अनुमान का असर है। इससे बाजार धारणा पर असर पड़ा। मौजूदा उतार-चढ़ाव अस्थायी है और उम्मीद है कि जल्दी ही इसमें सुधार होगा।

मुखर्जी ने कहा कि विश्व भर में शेयर बाजारों में गिरावट की दो वजहें-अमेरिकी अर्थव्यवस्था में पुनरुद्धार की धीमी रफ्तार तथा यूरोप में कर्ज संकट के अन्य देशों में फैलने की आशंका है।

उन्होंने कहा कि अमेरिकी अर्थव्यवस्था में सुधार की धीमी रफ्तार तथा यूरोप में कर्ज संकट के अन्य देशों में फैलने की आशंका से एशियाई बाजारों में गिरावट दर्ज की गई। मंत्री ने कहा कि इसीलिए भारतीय बाजार में भी गिरावट दर्ज की गई है। (भाषा)