शनिवार, 20 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. व्यापार
  4. »
  5. समाचार
Written By भाषा
Last Modified: नई दिल्ली , शुक्रवार, 14 मार्च 2014 (22:01 IST)

नोकिया के प्रमुख बन सकते हैं राजीव सूरी

नोकिया के प्रमुख बन सकते हैं राजीव सूरी -
FILE
नई दिल्ली। मंगलौर विश्वविद्यालय से स्नातक, राजीव सूरी नोकिया कारपोरेशन के नए वैश्विक मुख्य कार्यकारी (सीईओ) हो सकते हैं। सूरी फिलहाल नोकिया के दूरसंचार उपकरण कारोबार की अगुवाई कर रहे हैं। सूरी अक्टूबर 2009 से ही नोकिया सोल्यूशंस एंड नेटवर्क्‍स (एनएसएन) के प्रमुख हैं। वे एस्पो, फिनलैंड में रहते हैं।

फिनलैंड मीडिया के अनुसार इस बारे में घोषणा मार्च के आखिर या अप्रैल में की जा सकती है। साफ्टवेयर कंपनी माइक्रोसॉफ्ट इस दौरान नोकिया के हैंडसेट कारोबार का अधिग्रहण पूरा कर लेगी। इसके बाद नोकिया के पास दूरसंचार उपकरण, लोकेशन आधारित सेवाएं तथा आधुनिकी प्रौद्योगिकी कारोबार रहेगा। हालांकि इस बारे में नोकिया का कहना है कि वह मीडिया की अटकलों पर टिप्पणी नहीं करती।

उल्लेखनीय है कि सूरी ने मंगलौर विश्वविद्यालय से अभियांत्रिकी की पढ़ाई की। माइक्रोसॉफ्ट के नए सीईओ सत्य नाडेला भी इस विश्वविद्यालय से स्नातक हैं।

यदि सूरी उक्त पद के लिए चुने जाते हैं, तो वे उन प्रमुख भारतीय हस्तियों में शामिल हो जांएगे, जो दुनिया की कुछ प्रमुख कंपनियों की अगुवाई कर रही हैं। इनमें पेप्सिको की चेयरमैन इंद्रा नूयी, रेकिट बेंकिसर के मुख्य कार्यकारी राकेश कपूर, मास्टरकार्ड के अध्यक्ष अजय बंगा तथा ड्यूश बैंक के अंशु जैन हैं। (भाषा)