शुक्रवार, 19 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. व्यापार
  4. »
  5. समाचार
Written By भाषा
Last Modified: नई दिल्ली , शुक्रवार, 30 अगस्त 2013 (19:09 IST)

कमजोर मांग से सोना उतरा, चांदी गिरी

कमजोर मांग से सोना उतरा, चांदी गिरी -
FILE
नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कीमती धातुओं में गिरावट और घरेलू स्तर पर मांग कमजोर रहने से सोना शुक्रवार को 625 गिरकर 31,700 प्रति 10 ग्राम पर रह गया और चांदी 1,300 फिसलकर 54,000 प्रति किलोग्राम बोली गई।

लंदन से मिली जानकारी के अनुसार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सोना 1 प्रतिशत गिरकर 1392.14 डॉलर प्रति औंस पर रहा। अमेरिका सोना वायदा 19.10 डॉलर गिरकर 1393.90 डॉलर प्रति औंस पर आ गया।

जानकारों का कहना है कि सीरिया पर हमले की आशंका टलने से पीली धातु में गिरावट दर्ज की गई है। अमेरिका से जीडीपी के बेहतर आंकड़े जारी होने से फेडरल रिजर्व के राहत पैकेज जल्द वापस लेने की अटकलों से भी सोना कमजोर पड़ा है। इस दौरान चांदी 1 प्रतिशत गिरकर 23.58 डॉलर प्रति औंस पर रह गई।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कीमती धातुओं में गिरावट और स्थानीय स्तर पर अवैध तरीके से आया सोना सस्ते में मिलने से इसके दाम 625 रुपए गिरकर 31,700 रुपए प्रति 10 ग्राम रह गए। गिन्नी के भाव पिछले कारोबारी दिवस के 25,300 रुपए प्रति 8 ग्राम पर पड़े रहे।

मांग कमजोर रहने से चांदी 1,300 रुपए फिसलकर 54,000 रुपए प्रति किलो बोली गई। चांदी वायदा भी इतनी ही कीमत पर रही। सिक्का लिवाली और बिकवाली 1-1 हजार रुपए गिरकर 88,000-89,000 रुपए प्रति सैकड़ा रह गए।

सर्राफा कारोबारियों का कहना है कि ऊंची कीमतों के कारण सोना तस्करी और अन्य अवैध रास्तों से चोरी-छुपे बाजार में पहुंच रहा है। इस पर आयात शुल्क नहीं लगा होता है जिससे यह काफी सस्ते में मिल जाता है। वैश्विक स्तर पर पीली धातु में गिरावट से भी स्थानीय बाजार में कीमती धातुओं में नरमी आई है।

ऊंची कीमतों के कारण खरीदार बाजार से दूरी बनाए हुए हैं। शेयर बाजार में तेजी से निवेशक उधर का रुख कर रहे हैं। कारोबारियों की मानें तो कीमती धातुओं में यह उतार- चढ़ाव अगले सप्ताह तक जारी रहेगा।

स्थानीय सर्राफा बाजार में कीमती धातुओं के भाव इस प्रकार रहे- सोना स्टैंडर्ड प्रति 10 ग्राम 31700, सोना बिटुर प्रति 10 ग्राम 31,500, चांदी हाजिर प्रति किलो 54,000, चांदी वायदा प्रति किलो 54,000, चांदी सिक्का लिवाली प्रति सैकड़ा 88,000, चांदी सिक्का बिकवाली प्रति सैकड़ा- 89000, गिन्नी प्रति इकाई 25,300। (वार्ता)