गुरुवार, 25 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. व्यापार
  4. »
  5. समाचार
Written By भाषा

अमेरिका की ओवीएल योजना से रूस खफा

अमेरिका की ओवीएल योजना से रूस खफा -
रूस ने ओएनजीसी विदेश लि. (ओवीएल) द्वारा पश्चिम साइबेरिया स्थित इंपीरियल एनर्जी का मुख्य उत्पादन अधिकारी किसी अमेरिकी को बनाने की योजना पर नाराजगी व्यक्त की है। रूस ने इस बात पर हैरानी जताई है कि ओवीएल इस पद के लिए अपने भारतीय स्टाफ में से किसी को नियुक्त नहीं कर पा रही है।

ओवीएल के इस कदम तथा कुछ अन्य बातों से नाराज होकर टामस्क के गर्वनर विक्टर क्रेस ने भारत की यात्रा टाल दी थी। पेट्रोलियम मंत्री मुरली देवड़ा ने उन्हें भारत आने का न्योता दिया था।

टामस्क के गवर्नर कार्यालय के एक सूत्र ने कहा कि रूसी कानून के अनुसार तेल उत्पादन स्थलों पर कोई हादसा होने की स्थिति में मुख्य तेल उत्पादन अधिकारी को ही पूरी जिम्मेदारी उठानी होती है। इसके लिए उस पर आपराधिक मामला चलाया जा सकता है।

सूत्र का मानना है कि यदि ऐसी कोई घटना होती है तो अमेरिकी अधिकारी पहली उड़ान पकड़कर अमेरिका पहुँच जाएगा जिसके बाद उसे पकड़ना मुश्किल होगा। उन्होंने कहा कि संवेदनशील नक्क्षों तक विदेशियों की पहुँच पर भी हमने कुछ प्रतिबंध लगाए हुए हैं।

सूत्र ने बताया कि हमें जो सूचनाएँ मिली हैं उनके अनुसार अमेरिकी नागरिक को इंपीरियल के टामस्क स्थित भारतीय सीईओ की तुलना में कम से कम तीन गुना अधिक वेतन मिलेगा। हालाँकि, यह उनका आंतरिक मामला है, लेकिन इससे कंपनी पर प्रतिकूल मनोवैज्ञानिक दबाव पड़ेगा। ओवीएल द्वारा जनवरी, 2009 में अधिग्रहण के बाद कंपनी अभी गंभीर स्थिति से गुजर रही है।

ओवीएल ने ब्रिटेन में सूचीबद्ध इंपीरियल एनर्जी कारपोरेशन का 2.1 अरब डॉलर में अधिग्रहण किया था। (भाषा)