गुरुवार, 18 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. अंतरराष्ट्रीय
Written By भाषा

फ्रांस के दुर्घटनाग्रस्त विमान से 17 शव बरामद

फ्रांस के दुर्घटनाग्रस्त विमान से 17 शव बरामद -
अटलांटिक महासागर में दुर्घटनाग्रस्त हुए एयर फ्रांस के एक जेट विमान के मलबे से 17 शव बरामद कर लिए गए हैं। ब्राजीली सैन्य अधिकारियों ने बताया कि देश के पूर्वोत्तर तट से करीब 1150 किलोमीटर दूर तेज हवाओं के बीच 15 और शवों को निकाला गया।

उन्होंने बताया कि खोजी दल के सदस्यों को विमान के मलबे और उसकी सीटों में फँसे अन्य शवों को निकालने में बेहद खराब मौसम का सामना करना पड़ा।

पूर्वोत्तर ब्राजील के तटीय शहर रेसिफे में वायुसेना के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल हेनरी मुन्होज ने संवाददाताओं को बताया कि एयर बस ए 330 के दर्जनों हिस्सों को बरामद कर लिया गया है।

विमान के मलबे से शनिवार को दो शवों को निकाले जाने के बाद शनिवार को 15 और शवों को निकाला गया। उल्लेखनीय है कि ब्राजील के रियो डि जेनेरियो से पेरिस जा रहे इस विमान में 228 यात्री सवार थे।

मुन्होज ने कहा कि इन शवों को जहाज से ब्राजील के अटलांटिक टापू फर्नांडो डे नोरोंह लाया गया है जहाँ से पहचान के लिए इसे रेसिफे ले जाया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि ब्राजील के नौसेना के जवानों ने शनिवार को रेसिफे से करीब 1150 किलोमीटर दूर दो व्यक्तियों के शव बरामद किए थे।

हादसे में मारे गए लोगों को खोजने के लिए ब्राजील का एक जहाज और फ्रांसीसी नौसेना के एक जहाज को अभियान में शामिल किया गया था जिनके सदस्यों ने कल 15 अन्य शव बरामद किए। इनमें चार पुरुष और चार महिला हैं।