गुरुवार, 25 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. अंतरराष्ट्रीय
Written By भाषा
Last Modified: लाहौर , रविवार, 31 मार्च 2013 (20:00 IST)

पाक बोला, चमेल सिंह को नहीं किया टॉर्चर

पाक बोला, चमेल सिंह को नहीं किया टॉर्चर -
FILE
लाहौर। पाकिस्तानी अधिकारियों ने इन खबरों को द्वेषपूर्ण भारतीय दुष्प्रचार करार दिया कि भारतीय कैदी चमेल सिंह की यहां जेल के कर्मचारियों द्वारा कथित रूप से प्रताड़ित किए जाने के बाद मौत हुई। अधिकारियों ने कहा कि सिंह की मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई।

लाहौर की कोट लखपत जेल के वरिष्ठ अधीक्षक मोहसिन रफीक चौधरी ने दावा किया कि कुछ भारतीय अखबारों ने सिंह की मौत यातनाएं देने से होने को लेकर गलत मंशा से खबरें प्रकाशित की हैं।

उन्होंने कथित रूप से प्रताड़ित किए जाने से सिंह की मौत होने की खबरों को ‘द्वेषपूर्ण भारतीय दुष्प्रचार’ करार दिया।

करीब साठ वर्ष की आयु वाले सिंह को 15 जनवरी को सरकारी जिन्ना अस्पताल में डाक्टरों द्वारा मृत घोषित किया गया था। वह जासूसी के एक मामले में पांच साल की जेल की सजा काट रहे थे।

चौधरी के दावे के बावजूद ‘द एक्सप्रेस ट्रिब्यून’ जैसे पाकिस्तानी अखबारों ने भी खबर दी थी कि 13 मार्च को पोस्टमार्टम के दौरान सिंह के शव पर चोटों के निशान पाए गए थे।

सिंह की मौत के करीब दो महीने बाद पोस्टमार्टम किया गया और पाकिस्तानी अधिकारियों ने इस देरी के लिए कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया है। (भाषा)