बुधवार, 24 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. अंतरराष्ट्रीय
Written By ND
Last Modified: लंदन , शनिवार, 8 सितम्बर 2007 (19:36 IST)

पर्यटन के लिहाज से रास आता भारत

पर्यटन के लिहाज से रास आता भारत -
एक प्रतिष्ठित ट्रेवल पत्रिका कोंडे नास्ट ट्रेवलर के पाठकों ने भारत को दुनिया के सर्वाधिक पसंदीदा पर्यटन ठिकानों में से एक करार दिया है।

इस पत्रिका द्वारा दिए गए 10वें सालाना पुरस्कारों के लिए जिन सर्वाधिक लोकप्रिय पर्यटन ठिकानों को चुना गया है, उनमें भारत भी शामिल है।

कोंडे नास्ट ट्रेवलर रीडर्स ट्रेवल अवार्ड्‌स 2007 से दुनिया के सर्वश्रेष्ठ होटलों, सर्वश्रेष्ठ एयरलाइनों, द्वीपों, स्पा, क्रूज लाइनों और देशों व शहरों को चुना गया है। ब्रिटेन में लंदन को उसके रेस्तराँओं, रंगीन रात्रिकालीन जिंदगी और मनोरंजन उद्योग के लिए सर्वश्रेष्ठ शहर करार दिया गया है। भारत को इन सभी श्रेणियों में 89 अंक मिले।

दुनिया के टॉप 100 पसंदीदा देशों की सूची में भारत चौथे नंबर पर है। पिछले साल का विजेता इटली इस बार भी नंबर एक पर्यटन ठिकाना बना हुआ है। इटली को उसके खान-पान और वायुमंडल के लिए सर्वश्रेष्ठ पर्यटन ठिकाना करार दिया गया है।

कोंडे नास्ट ट्रेवलर की संपादक सारा मिलर ने कहा कि हमें खुशी है कि हमारे पाठकों ने भारत को शीर्ष ठिकाने के रूप में चुना है। उन्होंने कहा कि ऐसे में जब भारत अपनी आजादी की 60वीं वर्षगाँठ मना रहा है, यह सर्वेक्षण पत्रिका की ओर से उसे उपहार है। टॉप 5 देशों की सूची में इटली, थाईलैंड, ऑस्ट्रेलिया, भारत और न्यूजीलैंड शामिल हैं।

न्यूजीलैंड को खूबसूरत दृश्यों के लिए इस सूची में शामिल किया गया है, तो इटली को सर्वश्रेष्ठ खान-पान शैली और बेहतरीन वातावरण के लिए नंबर एक स्थान पर रखा गया है। थाईलैंड को मित्रवत व्यवहार के लिए चुना गया है। मालदीव को एक बार फिर नंबर एक द्वीप करार दिया गया है वहीं सिडनी को सर्वाधिक पसंदीदा शहर करार दिया गया है।

संस्कृति सबसे खास : भारत की संस्कृति को उसकी सबसे बड़ी खासियत घोषित किया गया है। भारत की संस्कृति को 100 में से 97.17 फीसदी अंक दिए गए हैं। मुद्रा के मूल्य के संदर्भ में भारत को 94.78 फीसदी अंक दिए गए हैं। विभिन्न दूसरे आकर्षणों के संदर्भ में भारत को 96.30 अंक दिए गए हैं।