गुरुवार, 25 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. अंतरराष्ट्रीय
  6. चीन दौरे के बाद राष्ट्रपति स्वदेश रवाना
Written By भाषा
Last Modified: शंघाई , सोमवार, 31 मई 2010 (19:18 IST)

चीन दौरे के बाद राष्ट्रपति स्वदेश रवाना

Prez Patil heads back to India | चीन दौरे के बाद राष्ट्रपति स्वदेश रवाना
राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल चीन की अपनी छह दिवसीय यात्रा संपन्न कर आज स्वदेश रवाना हो गयीं। उनकी इस यात्रा को किसी भारतीय राष्ट्राध्यक्ष की सर्वाधिक महत्वपूर्ण यात्रा के रूप में देखा जा रहा है।

पाटिल पूर्वी महानगर शंघाई से भारत के लिए रवाना हो गयीं जहाँ उन्होंने आज जेड बौद्ध मंदिर का दौरा किया और मंदिर को भगवान बुद्ध की एक प्रतिमा भेंट की।

भारत रवाना होने से पूर्व उन्होंने भारतीय तथा चीनी कारोबारियों की एक बैठक को भी संबोधित किया।

26 मई को यहाँ पहुँची पाटिल ने राष्ट्रपति हू जिनताओ तथा प्रधानमंत्री वेन जियाबाओ सहित लगभग सभी शीर्ष चीनी नेताओं से मुलाकात की।

इन मुलाकातों के दौरान चीनी नेताओं ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत के स्थायी सदस्यता तथा अस्थायी सदस्य के रूप में चुने जाने के भारत के दावे के प्रति प्रतिभा पाटिल के समक्ष चीन के समर्थन का आश्वासन दिया।

भारतीय पक्ष इसे राष्ट्रपति की यात्रा के प्रमुख सकारात्मक नतीजे के रूप में देख रहा है। पिछले एक दशक में किसी भारतीय राष्ट्राध्यक्ष की यह पहली यात्रा है। चीनी नेताओं के साथ मुलाकात में प्रतिभा पाटिल ने दोनों देशों के बीच व्यापार असंतुलन का मुद्दा भी उठाया जिस पर चीन ने आश्वासन दिया कि वह ‘गंभीरता’ से भारत की चिंताओं का समाधान निकालेगा।

चाइनीज पीपुल्स पोलिटिकल कंसलटेटिव काँफ्रेंस के अध्यक्ष जिया क्विंगलिंग के साथ मुलाकात में तिब्बत का मुद्दा भी उठा।

पाटिल ने भारत के इस दृष्टिकोण को दोहराया कि तिब्बत चीन का हिस्सा है और भारत अपनी धरती का इस्तेमाल चीन विरोधी गतिविधियों के लिए नहीं होने देगा। उनकी इस यात्रा को चीन के सरकारी टेलीविजन तथा प्रिंट मीडिया ने काफी तव्वजो दी।(भाषा)