शनिवार, 20 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. करियर
  4. »
  5. विदेशों में शिक्षा
Written By WD

न्‍यूजीलैंड में पढ़ाई

न्‍यूजीलैंड में पढ़ाई -
NDND
न्यूजीलैंड का शैक्षणिक ढाँचा त्रिस्तरीय है। यहाँ की स्कूली पढ़ाई पाँच वर्ष की आयु से आरंभ होकर शिक्षार्थी के वयस्क होने तक अर्थात्‌ अठारह वर्ष की आयु तक जारी रहती है। न्यूजीलैंड का शालेय पाठ्यक्रम तेरह वर्षीय होता है।

सबसे अच्छी बात यह है कि न्यूजीलैंड में पाँच से पंद्रह वर्ष की आयु वालों के लिए शिक्षा निःशुल्क और अनिवार्य है। शालेय पढ़ाई पूर्ण कर छात्र सेकंडरी स्कूल की पढ़ाई करता है और विश्वविद्यालयीन शिक्षा आरंभ होती है।

स्कूली शिक्षा का ढाँचा
न्यूजीलैंड में शिक्षा निःशुल्क है तथा 5 से 15 वर्ष के छात्रों के लिए अनिवार्य भी है, लेकिन इसका यह मतलब कदापि नहीं लगाया जाना चाहिए कि न्यूजीलैंड में शालेय शिक्षा सरकार द्वारा ही चलाई जाती है। यहाँ के प्राथमिक विद्यालयों को सरकार अथवा निजी शैक्षणिक संस्थानों द्वारा संचालित किया जाता है। निजी स्कूलों की बागडोर आमतौर पर चर्च के हाथ में होती है।

न्यूजीलैंड के सेकण्डरी स्कूलों में औपचारिक शिक्षा के अंतिम पाँच वर्षों की शिक्षा प्रदान की जाती है। यहाँ विद्यार्थियों को विश्वविद्यालयीन शिक्षा अथवा व्यावसायिक प्रशिक्षण हेतु तैयार किया जाता है। सामान्यतः 13 से 18 वर्ष की आयु के छात्र सेकण्डरी स्कूलों में पढ़ाई करते हैं।

सेकण्डरी शिक्षा का ढाँचा
न्यूजीलैंड में कक्षाओं को फार्म कहा जाता है। इस आधार पर यहाँ फार्म 3 से 7 तक की पढ़ाई सेकण्डरी शिक्षा के अंतर्गत आती है। इस शिक्षा में छात्र 13 वर्ष की उम्र में प्रवेश लेते हैं। सेकण्डरी स्कूल का पाठ्यक्रम शिक्षा मंत्रालय द्वारा निर्धारित किया जाता है।

फार्म तीन तथा चार में छात्रों को अंग्रेजी, विज्ञान, गणित, सामाजिक विज्ञान के साथ-साथ कला कौशल तथा शारीरिक शिक्षा भी प्रदान की जाती है। फार्म पाँच के छात्र अंग्रेजी, गणित तथा विज्ञान विषयों को अनिवार्य रूप से पढ़ते हैं, जबकि इन्हें अन्य विषयों का चयन कला, वाणिज्य, भाषा तथा तकनीकी विषयों से करना होता है।

यहाँ का फार्म 5 भारतीय विद्यालयों की दसवीं के समकक्ष होता है। परीक्षा में छात्रों को कम से कम 6 विषय लेने होते हैं तथा सफल होने पर उन्हें फार्म 6 में प्रवेश मिलता है।फार्म 6 में 6 अनिवार्य विषयों के अलावा छात्रों को अंग्रेजी, गणित, विज्ञान, वाणिज्य तथा अर्थशास्त्र में से अपने पसंदीदा विषय चुनने होते हैं।

न्यूजीलैंड में फार्म 6 की परीक्षा आंतरिक रूप से ली जाती है तथा सफल छात्रों को 'सिक्स्थ फार्म सर्टिफिकेट' दिया जाता है। यह हमारे यहाँ दिए जाने वाले हायर सेकण्डरी स्कूल सर्टिफिकेट की तरह होता है।

फार्म छह के छात्रों को पढ़ाई करने के लिए भौतिक शास्त्र, कृषि, बायोलॉजी, रसायन शास्त्र, कम्प्यूटर, डिजाइन तथा ड्रामा, ग्राफिक्स, कला का इतिहास, संगीत, शारीरिक शिक्षा, भूगोल, व्यावहारिक कला, इतिहास, टाइपिंग, अंग्रेजी, फ्रेंच, जर्मन, ग्रीक, इंडोनेशियाई, इटालियन, जापानी, लेटिन, रूसी तथा स्पैनिश भाषा जैसे विकल्प उपलब्ध हैं।

विश्वविद्यालयीन शिक्षा का ढाँचा
न्यूजीलैंड के फार्म 7 की परीक्षा हमारे यहाँ की 10+2 के समकक्ष होती है। जो छात्र फार्म 6 तथा 7 की परीक्षाएँ उत्तीर्ण करते हैं, वे विश्वविद्यालयीन पढ़ाई के पात्र माने जाते हैं। विदेशी छात्रों को विश्वविद्यालयों में प्रवेश हेतु उनके देश की समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण करना आवश्यक होता है।

फार्म 7 के छात्र कृषि तथा बागवानी, बायोलॉजी, रसायन शास्त्र, गणित तथा केलकुलस गणित,सांख्यिकी, भौतिक शास्त्र, अर्थशास्त्र, लेखा कार्य, क्लासिकल स्टडीज, अंग्रेजी, फ्रेंच, जर्मन, इतिहास़, भूगोल, इण्डोनेशियाई, जापानी, लेटिन, माओरी, रूसी, स्पैनिश भाषा, डिजाइन, ग्राफिक्स, कला का इतिहास,संगीत, पेंटिंग, फोटोग्राफी, शारीरिक शिक्षा, प्रिंट निर्माण तथा मूर्ति कला जैसे विषयों में से वैकल्पिक विषयों का चयन कर सकता है।

न्यूजीलैंड में रोजगार के लिए 4 विषयों के कुल प्राप्तांकों की गणना की जाती है। न्यूजीलैंड के उपाधि पाठ्यक्रम में कुल 250 प्राप्तांकों का होना जरूरी है। न्यूजीलैंड की यूनिवर्सिटी नर्सरी स्कालरशिप परीक्षा जीसीई 'ए' लेवल के समकक्ष होती है। यहाँ की विश्वविद्यालयीन पढ़ाई सात विश्वविद्यालयों द्वारा कराई जाती है।

विश्वविद्यालयों में जितने भी छात्र अध्ययन करते हैं, उनमें से दो तिहाई छात्रों की पढ़ाई का पूरा या आंशिक खर्च सरकार द्वारा वहन किया जाता है। इसीलिए यहाँ की शिक्षा सस्ती और लोकप्रिय बनती जा रही है।