मंगलवार, 16 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. चुनाव 2013
  4. »
  5. दिल्ली
Written By WD
Last Modified: गुरुवार, 31 अक्टूबर 2013 (23:51 IST)

भाजपा दीपावली बाद करेगी टिकटों की घोषणा

भाजपा दीपावली बाद करेगी टिकटों की घोषणा -
-श्रवण शुक्ल, नई दिल्ली से

FILE
दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा में टिकटों को लेकर मचे घमासान में फिलहाल दीपावली तक विराम लग गया है। सूत्रों के अनुसार भाजपा ने दीपावली तक किसी भी विवाद को तूल न देने की योजना पर कार्य करते हुए टिकटों की सूची देर से जारी करने का फैसला लिया है। यह फैसला पार्टी कार्यकर्ताओं की दीपावली खराब न हो, इसलिए भी लिया गया।

सूत्रों के अनुसार पार्टी के इस फैसले के पीछे बुधवार को भाजपा के केन्द्रीय कार्यालय में टिकट वितरण को लेकर हुआ प्रदर्शन मुख्य वजह है। भाजपा के रणनीतिकार इस बात पर जोर दे रहे हैं कि पार्टी के किसी भी फैसले से कार्यकर्ताओं की दीपावली पर कुछ असर न पड़े और यही कारण है कि उसने टिकटों के ऐलान को दीवाली तक के लिए टाल दिया है।

भाजपा के गलियारे से जो खबरें छनकर बाहर आ रही हैं, उसके मुताबिक पार्टी टिकट की पहली सूची हर हाल में 7 नबम्बर से पहले जारी कर देगी। दिल्ली भाजपा चुनाव प्रभारी नितिन गडकरी ने सर्वे के आधार पर उन 55 सीटों पर जिस में किसी तरह का कोई विवाद नहीं है, उस सूची को अमलीजामा पहना दिया है। हालांकि अभी दिल्ली चुनाव समिति की बैठक में यह सूची रखी जानी है, जिस पर वहां सहमति बनाई जाएगी।

उसके बाद इस सूची को केन्दीय चुनाव समिति के सामने रखा जाएगा। सूत्रों के मुताबिक इस सूची में चार पार्षदों सरिता चौधरी, मास्टर आजाद सिंह, योगेन्द्र चंदोलिया व बीबी त्यागी के नाम भी शामिल है।

भाजपा द्वारा पहली सूची घोषित करने के बाद दूसरी सूची में वह सीटें हैं, जिन पर वह कांग्रेस के उम्मीदवार घोषित होने के बाद विचार करेगी। वहीं दूसरी तरफ कुछ सीटों पर भाजपा अकाली दल से सहमति बनाने में जुटी हुई है, जिसके बाद ही फैसला लिया जाएगा।