शनिवार, 20 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. सामयिक
  2. »
  3. विचार-मंथन
  4. »
  5. विचार-मंथन
Written By ND

प्रदेश के लिए एक काम हाथ में लें

मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान से विशेष साक्षात्कार

प्रदेश के लिए एक काम हाथ में लें -
-गिरीश उपाध्याय
मुख्यमंत्री शिवराजसिंह ने कहा है कि प्रदेश का हर नागरिक सप्ताह में दो घंटे भी अपने राज्य के लिए निकाल ले तो इसकी तस्वीर बदल जाएगी। सरकार द्वारा शुरू किया जा रहा अपना मप्र अभियान पूरी तरह गैर राजनीतिक है और वे चाहेंगे कि राज्य का हर दल व हर नागरिक इसमें भागीदार बने।

मध्यप्रदेश के स्थापना दिवस पर विशेष मुलाकात में मुख्यमंत्री ने कहा कि देश या प्रदेश का विकास केवल सरकार के भरोसे नहीं हो सकता। समाज भी साथ खड़ा हो तो विकास की गति को कई गुना बढ़ाया जा सकता है। आम आदमी में जुनून पैदा होना चाहिए कि यह प्रदेश मेरा है, मुझे इसे गढ़ना और बनाना है।

हर नागरिक अपना कर्तव्य पूरा करने लगे तो चमत्कार हो सकता है। हम रोजमर्रा के कामों के अलावा प्रदेश हित का कोई भी एक काम हाथ में लें। ये पौधे लगाने, पानी बचाने, बिजली बचाने, साफ-सफाई, नशामुक्ति जैसा कोई भी काम हो सकता है।

उन्होंने कहा कि इस बार स्थापना दिवस को अपना मध्यप्रदेश के संकल्प दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। इसका उद्देश्य प्रदेश और यहाँ के विकास को लेकर लोगों के मन में अपनत्व का भाव जगाना है। सरकारी अमले में भी बहुत से लोग अच्छा काम कर रहे हैं, लेकिन यहाँ सब धान 22 पसेरी वाला हिसाब है। हम इस व्यवस्था को बदलना चाहते हैं।

कानून बनेगा : जनता के साथ ही प्रशासन को भी जवाबदार बनाने के लिए प्रदेश सरकार सूचना के अधिकार कानून से भी आगे बढ़कर सिटीजन चार्टर कानून लाने जा रही है। इसमें कोई भी काम करने की समय सीमा तय होगी और काम न होने पर संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ दंडात्मक प्रावधान भी रहेंगे।

राज्य स्तर पर कर्मचारियों के लिए पुरस्कार स्थापित करने के अलावा हम हर विभाग में माह का श्रेष्ठ कर्मचारी घोषित कर उसे सम्मानित करने की योजना पर भी विचार कर रहे हैं। लेकिन जो लोग ठीक से काम नहीं करते उनके लिए दंडात्मक प्रावधान भी होंगे।

एक मंच पर आएँ : एक नवंबर के कार्यक्रम में भाजपा अध्यक्ष नरेन्द्रसिंह तोमर के साथ ही प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पचौरी भी मौजूद रहेंगे। राज्य के हित में सारे लोग एक मंच पर आएँ और एक बार विश्वास पैदा हो जाए तो फिर लोग भी जुड़ते चले जाएँगे। इससे हमें नया वातावरण और नई कार्यसंस्कृति बनाने में मदद मिलेगी।

बस एक सकारात्मक खबर : मीडिया की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण है। वही लोगों का मानस बनाता है। हम चाहेंगे कि मीडिया अपने स्तर पर प्रदेश हित से जुड़ा कोई अभियान जरूर चलाए। ज्यादा कुछ नहीं तो रोज एक सकारात्मक खबर तो दी ही जा सकती है।