शुक्रवार, 29 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. सामयिक
  2. »
  3. विचार-मंथन
  4. »
  5. विचार-मंथन
Written By ND
Last Modified: रविवार, 1 जुलाई 2007 (12:29 IST)

दिल ढूँढता है...

एक जुलाई : इंटरनेशनल जोक्स डे पर विशेष

दिल ढूँढता है... -
इस आपाधापी भरी दुनिया में मोबाइल के स्क्रीन पर जोक्स के माध्यम से हँसने का कारण ढूँढने वाले लोगों के लिए यह जानकारी काफी रोचक हो सकती है कि जो चुटकुला हम भारतीयों को पसंद आए, जरूरी नहीं कि वह दूसरे देश के लोगों को भी पसंद आए।

चुटकुलों पर अलग-अलग देशों के लोगों की पसंद क्या है, इस पर लगभग पाँच साल पहले ऑनलाइन वोटिंग हुई थी। इसके बाद सर्वश्रेष्ठ चुटकुले का चयन भी किया गया।

दरअसल मानव मन की प्रवृत्ति होती है कि वह हँसे। अगर एकाध बढ़िया चुटकुला सुनने या पढ़ने को मिल जाए तो फिर क्या बात है। इसमें भी खास बात यह कि दिल हमेशा अच्छे चुटकुलों की खोज में लगा रहता है, क्योंकि हर आदमी कुछ देर हँसना चाहता है। फिर भले ही हँसने के लिए मुँह की मात्र 15 माँसपेशियाँ ही क्यों न हिलाना पड़े।

लॉफलेब प्रयोग : ब्रिटेन के मनोवैज्ञानिक डॉ. रिचर्ड वाइसमैन ने चुटकुलों को लेकर एक प्रयोग किया था। इसमें दुनियाभर के चुनिंदा 40 हजार चुटकुले लोगों द्वारा भेजे गए थे। इन चुटकुलों को 20 लाख से ज्यादा लोगों को पढ़ाया गया। बाद में उनसे इन चुटकुलों पर वोटिंग भी करवाई गई।

शोध से उभरे कुछ तथ्य।

* लोगों को 100 से ज्यादा शब्दों वाले चुटकुले ज्यादा पसंद आते हैं।

* लोग दूसरे लोगों के साथ चुटकुला शेयर कर हँसने में ज्यादा विश्वास रखते हैं।

* चुटकुला सुनना और फिर किसी को सुनाना भी कला है जिसमें हर कोई दक्ष नहीं होता।

* चुटकुला सुनाने वाले के हावभाव भी वैसे होना जरूरी हैं जो चुटकुले की माँग है।

इस शोध में ज्यादा भारतीयों ने भाग नहीं लिया, किंतु उनकी पसंद के बारे में यह तथ्य सामने आया कि उन्हें राजनेताओं, रोजमर्रा की घटनाओं और बॉलीवुड (जैसे अजीत के अंदाज वाले व मुन्नाभाई सर्किट छाप), पति-पत्नी के चुटकुले ज्यादा पसंद आते हैं।

सर्वश्रेष्ठ चुटकुला : मैनचेस्टर के गुरपाल गौसाल के चुटकुले को सबसे ज्यादा रेटिंग मिली। हर देश के लोगों के अनुसार यह चुटकुला उन्हें खूब पसंद आया।

दो शिकारी जंगल में गए, उनमें से एक अचानक गिर पड़ा। उसे देखकर यह समझ पाना कठिन था कि वह साँसें ले रहा है या नहीं। उसकी आँखें भी बंद थीं। दूसरे शिकारी ने मोबाइल फोन निकाला और इमरजेंसी सर्विस को फोन लगाया और कहा कि मेरा मित्र मर गया है मैं क्या करूँ?

इमरजेंसी सर्विस की ऑपरेटर ने कहा कि आप शांत हो जाइए और धैर्य धारण करें, मैं आपकी मदद करती हूँ। उससे पहले यह सुनिश्चित कर लीजिए कि आपके मित्र की मृत्यु हो चुकी है। इस बातचीत के बाद कुछ देर शांति रही फिर गोली दागने की आवाज आई। फिर ऑपरेटर के फोन पर आवाज आती है ठीक है अब क्या करूँ?

भारत की एक बानगी : एक बार एक भारतीय मंत्री अमेरिका गए। वहाँ के मंत्री के बुलावे पर वे उनके घर खाना खाने भी गए। उस अमेरिकी मंत्री का घर इतना शानदार था कि भारतीय मंत्री की आँखें खुली रह गईं।

उन्होंने पूछ ही लिया कि आप इतना सब मेंटेन कैसे कर लेते हैं? इस पर अमेरिकी मंत्री भारतीय मंत्री को खिड़की के पास ले गए और दूर अँगुली दिखाकर बोले वह नदी देख रहे हो? भारतीय मंत्री बोलते हैं हाँ उसके ऊपर बना ब्रिज भी। इतना सब कुछ और मात्र दस प्रतिशत।

बाद में अमेरिकी मंत्री भारत आए तो भारतीय मंत्री ने उनकी खूब आवभगत की। भारतीय मंत्री का घर किसी किले से कम नहीं था। यह देख अमेरिकी मंत्री ने कहा- 'इतना कैसे मेंटेन कर लेते हो। भारतीय मंत्री भी अमेरिकी मंत्री को खिड़की के पास ले गए और पूछा वह नदी देख रहे हो, अमेरिकी मंत्री बोलते हैं हाँ और वह ब्रिज अमेरिकी मंत्री बोलते हैं नहीं। तब भारतीय मंत्री उनकी ओर देखकर बोलते हैं सौ प्रतिशत। (नईदुनिया से)