शुक्रवार, 19 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. मनोरंजन
  2. »
  3. बॉलीवुड
  4. »
  5. मिर्च-मसाला
  6. सलमान टक्कर लेंगे बेशरम रणबीर से
Written By समय ताम्रकर

सलमान टक्कर लेंगे बेशरम रणबीर से

2 अक्टूबर को होंगे आमने-सामने

Salman vs Ranbir | सलमान टक्कर लेंगे बेशरम रणबीर से
सलमान की अगली फिल्म ‘मेंटल’ की शूटिंग बस शुरू होने वाली है। ये माना जा रहा है कि इस फिल्म को इस वर्ष ईद पर रिलीज किया जाएगा क्योंकि ईद सलमान के लिए लकी साबित हुई है, लेकिन सलमान से जुड़े सूत्रों का कहना कुछ और ही है।

वे बताते हैं कि सलमान और सोहेल खान ने निर्णय लिया है कि जल्दबाजी में काम करना फिल्म के लिए नुकसानदेह साबित हो सकता है। इसलिए फिल्म की रिलीज डेट पर एक बार फिर नए सिरे से विचार किया गया है और दो अक्टूबर की तारीख तय की गई है।

गौरतलब है कि इसी दिन रणबीर कपूर की फिल्म ‘बेशरम’ को रिलीज करने की घोषणा पहले ही की जा चुकी है। अब सलमान की फिल्म भी इसी दिन आने से बेशरम के केम्प में हड़कंप मच गया है।

PR


अभिनव से बदला
बेशरम का निर्देशन अभिनव कश्यप कर रहे हैं, जिन्होंने सलमान से पंगा ले रखा है। सलमान को लेकर उन्होंने ‘दबंग’ निर्देशित की थी, लेकिन ‘दबंग 2’ का निर्देशन करने से उन्होंने मना कर दिया था। तभी से सलमान उनसे नाराज है।

सलमान की फिल्म का सामना करना ‘बेशरम’ के लिए मुश्किल होगा। संभव है कि वे अपनी रिलीज डेट आगे बढ़ाएं, लेकिन इससे उन्हें एक अच्छे सप्ताह से हाथ धोना पड़ेगा। फिलहाल ‘बेशरम’ से जुड़े लोग इंतजार कर रहे हैं कि सलमान की फिल्म वक्त पर पूरी हो पाती है। उसके बाद ही वे अपनी रणनीति तय करेंगे।

PR


चेन्नई एक्सप्रेस की ईद
सलमान की फिल्म के आगे बढ़ने की खबर से शाहरुख कैम्प में खुशी का माहौल है। उन्हें अपनी फिल्म ‘चेन्नई एक्सप्रेस’ को ईद पर रिलीज करने का मौका मिल जाएगा। ईद पर उन्हें सनी देओल का मुकाबला करना होगा, जिनकी स्टार वैल्यू शाहरुख की तुलना में कम है।

PR