गुरुवार, 18 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. फोकस
Written By समय ताम्रकर

प्रियंका चोपड़ा : नंबर वन के नजदीक

प्रियंका चोपड़ा : नंबर वन के नजदीक -
IFM
बॉलीवुड को नायिकाओं की कमी से जूझना पड़ रहा है। टॉप की नायिकाओं में ऐश्वर्या राय की शादी हो चुकी है। अब फिल्मों को वह उतना समय नहीं दे पाएगी। रानी मुखर्जी और प्रीति जिंटा बहुत ज्यादा सिलेक्टिव हो गई है। करीना तो फिल्में ही साइन नहीं कर रही है।

बिपाशा, मल्लिका जैसी नायिकाएँ सीमित प्रतिभा की है। वे अभिनय के बजाय देह दर्शन को ज्यादा महत्व देती है। मनीषा कोइराला, तब्बू, उर्मिला को अब रिटायर मान लिया गया है। ऐसे में निर्माता निर्देशक की चॉइस प्रियंका पर आकर ठहर जाती है। प्रियंका चोपड़ा इस स्थिति का भरपूर फायदा उठा रही है।

प्रियंका में प्रतिभा और ग्लैमर दोनों का मिश्रण है। उसकी उम्र भी कम है और सनी देओल जैसे सीनियर कलाकार से लेकर हरमन बवेजा जैसे नए कलाकार तक उसकी जोड़ी जम जाती है। प्रियंका को जरूरत है एक बड़ी हिट फिल्म की। चोटी की नायिकाओं में तो उसका शुमार किया ही जाता है लेकिन नंबर वन बनने के लिए उसे सशक्त भूमिकाएँ, बड़े बैनरों का साथ और दर्शकों के दिल में अपनी जगह बनानी होगी।

बिग ब्रद
प्रियंका ने सबसे पहली फिल्म ‘बिग ब्रदर’ साइन की थी। लेकिन यह फिल्म अब जाकर प्रदर्शित हो पाई। प्रियंका का इसमें बेहद छोटा और मामूली रोल है। इसके बावजूद प्रियंका ने इस फिल्म के प्रचार-प्रसार में हिस्सा लिया।

उसका मानना है कि भले उसका रोल इस फिल्म में महत्वहीन है लेकिन यह उसकी पहली फिल्म थी। इसलिए ‘बिग ब्रदर’ उसके लिए हमेशा महत्वपूर्ण रहेंगी। भले ही समीक्षकों ने प्रियंका के रोल को महत्वहीन बताया हों लेकिन प्रियंका का कहना है कि एक शादीशुदा मध्यमवर्गीय स्त्री का चरित्र उन्होंने पहली बार निभाया।

प्रोफेशनल आर्टिस्
प्रियंका बहुत ही मेहनती और प्रोफेशनल कलाकार है। यह बात कई निर्देशकों ने कही है। सेट पर वह हमेशा समय पर पहुँचती है। अपनी भूमिका पर वह मेहनत करती है। ‘डॉन’ में उसने स्टंट दृश्य खुद किए थे। आनेवाली फिल्म ‘द्रोण’ के लिए भी वह मार्शल आर्ट सीख रही है। कोई भी चीज सीखने में वह कभी पीछे नहीं हटती।

प्रियंका के पिता कई दिनों तक बीमार होकर अस्पताल में भर्ती रहें। प्रियंका ने अपने पिता का खयाल भी रखा और कभी भी शूटिंग रद्द नहीं करी। बॉलीवुड में हमेशा उन लोगों की कद्र की जाती है जो अपने काम के प्रति समर्पित रहते हैं। इसलिए प्रियंका सबकी चहेती है।

पहला प्यार व्यावसायिक फिल्
प्रियंका ने अभी तक जितनी भी फिल्में की है, ज्यादातर में वह सिर्फ शो पीस या ग्लैमर गर्ल के रूप में ही नजर आई। सशक्त भूमिकाओं के लिए आमतौर पर रानी या प्रीति का नाम ही लिया जाता है।

हालांकि प्रियंका ने ‘ऐतराज’ में निगेटिव्ह किरदार निभाकर खूब प्रशंसा बटोरी थी। मि. सोनिया रॉय की उस भूमिका में प्रियंका ने ग्लैमर के साथ अभिनय के जलवे ‍भी दिखाए थे। करीना जैसी नायिका के फिल्म में होने के बावजूद प्रियंका सारी तारीफ बटोर कर ले गई थी। ‘यकीन’ और ‘करम’ फिल्मों में भी प्रियंका ने बेहतर अभिनय किया था परंतु ये फिल्में बॉक्स ऑफिस पर कोई कमाल नहीं दिखा सकी और प्रियंका की मेहनत बेकार गई।

ज्यादातर नायिकाएँ अपनी अभिनय क्षमता को प्रदर्शित करने के लिए आर्ट फिल्मों की ओर रूख करती है। प्रियंका चोपड़ा अपने आपको आर्ट फिल्मों के लिए तैयार नहीं मानती। प्रियंका का कहना है कि उसके पैर अभी तक व्यावसायिक फिल्मों में ठीक से जम नहीं पाए ऐसे में वह कला फिल्मों के बारे में अभी सोचना नहीं चाहती। वह अपने खाते में ज्यादा से ज्यादा सफल फिल्में देखना चाहती है।

दिल का मामल
बॉलीवुड में आते ही प्रियंका का नाम अक्षय कुमार से जुड़ा था। अक्षय और प्रियंका की जोड़ी परदे पर बहुत अच्छी लगती है। दोनों ने ‘अंदाज’, ‘ऐतराज़’, ‘मुझसे शादी करोगी’ और ‘वक्त’ जैसी फिल्मों में साथ काम किया। कहा जाता है कि अक्षय कुमार और प्रियंका की नजदीकियों के जब ज्यादा ही चर्चे होने लगे तो अक्षय की पत्नी ट्विंकल ने अक्षय को प्रियंका के साथ काम करने से मना कर दिया।

प्रियंका का नाम उसके बाद हरमन बवेजा से जुड़ा। हरमन की पहली फिल्म ‘लव स्टोरी 2050’ को ऐन मौके पर करीना कपूर ने छोड़ दिया। बाद में प्रियंका ने अपनी तारीख एडजस्ट कर उस फिल्म में काम करना मंजूर कर हरमन को मुसीबत से निकाला। हरमन और प्रियंका के बीच मेल-मुलाकातों के दौर चल रहे हैं। सिनेमाघर और रेस्टोरेंट जैसे सार्वजनिक स्थानों पर वे पहली बार साथ दिखाई दिए। हालांकि प्रियंका ने हरमन को अपना दोस्त से ज्यादा कुछ नहीं माना। लेकिन प्रियंका के दिल में हरमन का विशेष स्थान है।

आने वाली फिल्म
कई बार ऐसा होता है कि स्क्रिप्ट अच्छी हो लेकिन बैनर आर्थिक रूप से मजबूत न हों तो फिल्में अधूरी रह जाती है। इसलिए प्रियंका फिल्म साइन करते समय हमेशा बैनर को प्राथमिकता देती है।

प्रियंका ‘द्रोण’ में अपने किरदार को लेकर बेहद उत्साहित है। इसके लिए उसने मार्शल आर्ट भी सीखा है। इस फिल्म में वह महिला बॉडीगार्ड बनी है। ऐसा किरदार भारतीय फिल्म में शायद ही पहले कभी देखा गया हो।

इसके अलावा सलमान खान के साथ ‘गॉड तुस्सी ग्रेट हो’ और हरमन के साथ ‘लव स्टोरी 2050’ उसकी आने वाली फिल्म है। राकेश रोशन ‘कृष’ का अगला सीक्वल बनाने की सोच रहे हैं हो सकता है कि प्रियंका उस फिल्म में भी दिखाई दें। इन फिल्मों के अलावा प्रियंका की कई निर्माताओं से बातचीत चल रही है।

प्रियंका : एक नजर
जन्म दिनांक : 18 जुलाई
पहली फिल्म : बिग ब्रदर
पहली प्रदर्शित फिल्म : द हीरो
पसंदीदा अभिनेता : शाहरूख खान
पसंदीदा अभिनेत्री : श्रीदेवी, काजोल, माधुरी दीक्षित
उल्लेखनीय फिल्म : अंदाज, मुझसे शादी करोगी, ऐतराज, ब्लफमास्टर, कृष, डॉन

पुरस्कार :
* सर्वश्रेष्ठ नई कलाकार का फिल्मफेयर पुरस्कार (2003) : अंदाज
* नकारात्मक भूमिका के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का फिल्मफेयर पुरस्कार (2004) : ऐतराज
* नकारात्मक भूमिका के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का स्क्रीन पुरस्कार (2005) : ऐतराज